यात्रियों को जल्द मिलेगी रेलवे प्लेटफॉर्म की सौगात, 67 किसानों को मुआवजा मिलने के बाद हुआ समाधान
मिसरौली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर दो का निर्माण कार्य तेजी से अंतिम चरण में है। तीन साल से लंबित यह कार्य भूमि विवाद के कारण रुका था। 67 किसानों को मुआवजा मिलने के बाद विवाद सुलझ गया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवादसूत्र, अमेठी। मिसरौली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो के अधूरे हिस्से का निर्माण अब पूरी रफ्तार से चल रहा है। करीब तीन वर्षों से लंबित यह कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। रेलवे प्रशासन के अनुसार अगले जल्द ही यात्रियों को प्लेटफार्म की पूरी सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
स्टेशन के उच्चीकरण और नए भवन का कार्य लगभग तीन वर्ष पूर्व ही पूरा हो गया था। लेकिन, प्लेटफार्म नंबर दो के करीब चार सौ मीटर हिस्से पर भूमि विवाद के चलते निर्माण रुक गया था। कुछ किसानों द्वारा आपत्ति दर्ज कराने के बाद मामला न्यायालय में चला गया, जिससे कार्य लंबे समय तक ठप रहा।
यात्रियों को करना पड़ता था परेशानी का सामना
इस दौरान यात्रियों को गिट्टियों और असमतल जमीन के बीच से ट्रेन पर चढ़ने-उतरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रेलवे ने 67 किसानों को मुआवजा प्रदान किया। मुआवजा वितरण के बाद भूमि संबंधी विवाद का निस्तारण हो गया और कार्यदाई संस्था ने शेष हिस्से पर तेजी से निर्माण शुरू कर दिया है। प्लेटफार्म पर समतलीकरण, ढलाई और अन्य आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं।
रात के समय वाराणसी और प्रयागराज की ओर से आने-जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों को विशेष रूप से परेशानी होती थी, लेकिन अब निर्माण पूरा होने के बाद उन्हें सुरक्षित और सुगम प्लेटफार्म की सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर में बनेगी बड़ी गोशाला, पांच गांवों की जमीन चिह्नित; विभाग ने जिलाधिकारी को भेजी फाइल
स्टेशन मास्टर केपी मीना ने बताया कि 67 किसानों को मुआवजा दिए जाने के बाद सभी बाधाएं दूर हो गई हैं। प्लेटफार्म का तेजी से निर्माण करवाया जाएगा। अगले माह से प्लेटफार्म नंबर दो पूरी तरह चालू हो जायेगा।