विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर चलती रोडवेज बस में लगी भीषण आग, बाल-बाल बची 42 यात्रियों की जान

Published: Mon, 18 May 2026 12:37 PM (IST)

अमेठी में अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक परिवहन निगम की बस में आग लग गई, जिसमें सुल्तानपुर से प्रयागराज जा ...और पढ़ें

HighLights

  1. अमेठी में चलती बस में लगी भीषण आग।

  2. बस में सवार 42 यात्री सुरक्षित निकाले गए।

  3. तेल नली जाम होने से लगी आग, बस जली।

जागरण संवाददाता, अमेठी। पीपरपुर थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दुर्गापुर चौराहे पर सोमवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे परिवहन निगम की बस में आग लग गई। बस सुल्तानपुर से प्रयागराज जा रही थी।

परिचालक के मुताबिक बस पर 15 महिलाएं व 27 पुरुष सहित 42 यात्री सवार थे। बताया जाता है कि दुर्गापुर पहुंचने के एक किमी. पहले बस के अगले भाग में इंजन की तरफ धुंआ दिखाई दिया। चालक मुहम्मद अनीस धुएं पर पानी डालकर बुझाने की कोशिश किया।

बावजूद इसके धुंआ व आग की लपटें बढ़ती देख यात्रियों में अफरा तफरी के साथ चीख पुकार मच गई। दुर्गापुर चौराहे के पास राजमार्ग के बीचों बीच चालक ने बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया। यात्री बाल-बाल बच गए। बस धू-धू कर जल गई।

सुल्तानपुर से भूपियामऊ जा रही मंजू ने बताया कि जल्दबाजी में उसका एंड्रॉयड मोबाइल फोन छूट गया। डर से कांप रही महिला यात्री सबिता ने बताया कि आग की लपटें देख लग रहा था मौत का काल सामने खड़ा है। परिचालक रविकांत तिवारी ने बताया कि बस में आग तेल की नली जाम होने के कारण लगी थी। सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य को भेजा गया।

भीषण जाम से यात्री हुए परेशान

राजमार्ग के बीचोबीच जल रही बस की वजह से राजमार्ग पर भीषण जाम लग गया। एक घंटे लगे जाम से राहगीरों को जूझना पड़ा। आग बुझने के बाद बस को जेसीबी से किनारे लगाया गया। तक आवागमन बहाल हुआ।

पिकेट से नदारद रहे पुलिसकर्मी

दुर्घटना के समय दुर्गापुर चौराहे पर बनाए गए पिकेट के सिपाही नदारद रहे। लोगों द्वारा घटना की सूचना देने के बाद भी पहुंची पुलिस बगले झांकती रही। फायर ब्रिगेड के कर्मी भी एक घंटे बाद पहुंचे। तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था।

प्रभारी निरीक्षक अरुण मिश्रा ने बताया कि बस पर सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। बस के अवशेष को हाईवे के किनारे करवा दिया गया है। आवागमन बहाल है। पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों के न रहने की जांच की जाएगी।

यह भी पढ़ें- यूपी के बांदा में आसमान से बरस रही आग, लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर; पारा 46.4°C