अमेठी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर प्रशासन सख्त, पराली जलाने पर 3 किसानों पर लगा 30 हजार का जुर्माना
अमेठी जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रशासन सख्त है, जिसके तहत गौरीगंज तहसील के तीन गांवों में पुष्टि ...और पढ़ें

अमेठी के उपजिलाधिकारी ने पर्यावरण प्रदूषण और मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए किसानों को जागरूक किया, उचित प्रबंधन की अपील की।
HighLights
अमेठी में पराली जलाने पर प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई।
गौरीगंज तहसील के तीन किसानों पर 30 हजार रुपये का जुर्माना।
पर्यावरण प्रदूषण रोकने हेतु किसानों को जागरूक किया जा रहा।
जागरण संवाददाता, अमेठी। जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में तहसील गौरीगंज क्षेत्र के तीन गांवों में पराली जलाने की पुष्टि के बाद किसानों पर जुर्माना लगाया गया है।
उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव ने बताया कि विभिन्न गांवों में पराली जलाने की शिकायतों की स्थलीय जांच कराई गई। जांच में ग्राम पचेहरी में पराली जलाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद शिव बहादुर यादव पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। ग्राम अन्नी बैजल में अशोक कुमार सिंह और ग्राम डेबरा में जगदीश प्रसाद पर भी 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। तीनों मामलों में कुल 30,000 रुपये का जुर्माना हुआ है।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। प्रशासन ऐसी घटनाओं पर लगातार निगरानी रख रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में डुग्गी-मुनादी के जरिए किसानों को जागरूक कर पराली न जलाने की अपील भी की गई है। उन्होंने किसानों से फसल अवशेष खेतों में न जलाकर उनका उचित प्रबंधन करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि पराली जलाने में संलिप्त पाए जाने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।