अब ग्लोबल मार्केट में छाएगा अमेठी की महिलाओं का हुनर, मूंज उत्पादों की विदेशों में भी होगी बिक्री
अमेठी में मुख्य विकास अधिकारी की पहल पर मूंज से बने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

मूंज से उत्पाद बनाती महिलाएं
HighLights
मूंज उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पहल।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को एफडीडीआई द्वारा विशेष प्रशिक्षण।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य।
देवेंद्र सिंह परिहार, अमेठी। मूंज से बने विभिन्न उत्पाद जल्द ही देश-विदेश में बिकते नजर आएंगे। इसमें घर से लेकर कार्यालय तक प्रयोग होने वाले उत्पाद शामिल होंगे। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए सीडीओ के प्रयास से कार्य शुरू कर दिया गया है।
एफडीडीआई की ओर से मूंज से बने उत्पाद तैयार करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। जिससे वह आधुनिक तरीके से उत्पाद तैयार कर सकेंगी। साथ ही इनकी बिक्री के लिए भी मंच प्रदान किया जाएगा। जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होकर स्वावलंबी बन सकें।

जिले में 12000 के करीब महिला स्वयं सहायता समूह का गठन किया जा चुका है। इसमें करीब डेढ़ लाख महिलाएं शामिल हैं, जो किसी न किसी रोजगार से जुड़ी हैं।
अब मूंज से बने उत्पादों को अंतर राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सीडीओ की ओर से नई पहल की गई है। जिले में जायस व गोमती नदी के तराई क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं मूंज के बने विभिन्न प्रकार के गृहोपयोगी व सजावटी सामानों काे तैयार कर रही हैं।
जिसमें बाध, रस्सी, कुर्सी, मेज, पेन स्टैंड, सूप, बेना (पंखा) फुटमैट, मचिया, कैरीबैग, मौनी, सिकौला, डेलरी, कंगन समेत अन्य वस्तुएं शामिल हैं। इसके अलावा झूले, पावदान, स्माल डिनर टेबल समेत घरों के सजावट के सामान मूंज से बनाए जाते हैं।
यह भी पढ़ें- अमेठी में सियासी धमाका! 30 साल बाद बीजेपी-संघ छोड़कर प्रवीण सिंह हजारों कार्यकर्ताओं संग BSP में शामिल
इसके बाद भी मूंज उत्पाद को सही मंच नहीं मिल पा रहा था। अब महिलाओं को उनके कौशल और गुणवत्ता पर ध्यान देने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। जिससे कि वह गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर सकें। साथ ही मूंज से बने उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतर राष्ट्रीय स्तर तक मंच भी उपलब्ध कराया जाएगा, जहां उत्पादों की बिक्री हो सकेगी। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर स्वावलंबी बन सकेंगी।
मूूंज उत्पाद से जुड़ी महिलाओं को एफडीडीआई की ओर से विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाएगा, जिससे उनके कौशल व गुणवत्ता में निखार आ सके। साथ ही आधुनिक उत्पादों के जरिए वह अपनी पहचान बना सकें, जल्द ही प्रशिक्षण शुरू कराकर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को अंतर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई जाएगी।- पूजा साहू, मुख्य विकास अधिकारी, अमेठी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।