विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहालग शुरू होते ही चहक उठा अमेठी का बाजार, कपड़े और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की बिक्री बढ़ी

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:40 PM (IST)

सहालग शुरू होने से अमेठी का बाजार फिर से गुलजार हो गया है, खासकर कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की बिक्री में उछाल आया है।

ज्वेलरी की दुकान में खरीदारी करते लोग। (तस्वीर- जागरण)

ज्वेलरी की दुकान में खरीदारी करते लोग। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. सहालग से अमेठी बाजार में रौनक, कपड़े-आभूषण की बिक्री बढ़ी।

  2. सोने-चांदी की महंगाई से आर्टिफिशियल ज्वेलरी की मांग तेज।

  3. देवउठनी एकादशी से शुभ मुहूर्त, 16 दिसंबर से खरमास लगेगा।

जागरण संवाददाता, अमेठी। सहालग शुरू होते ही एक बार फिर बाजार चहक उठा है। मांगलिक कार्यक्रमों का आयोजन दोबारा शुरू हुआ तो बाजार में फिर से रौनक लौटने लगी है। कपड़ा व सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर सर्वाधिक ग्राहक जुट रहे हैं।

इसके अलावा लोग बर्तन समेत अन्य उपहार देने के लिए भी बाजार पहुंच रहे हैं। हालांकि सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतों ने गहनों की बिक्री कम की है लेकिन, आर्टिफिशियल ज्वैलरी का बाजार नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है। लोग पहनने के लिए खूब खरीदारी कर रहे हैं।

मंगलवार की दोपहर रामगंज कस्बे में इंटर कालेज रोड़ के सामने स्थित एक कपड़े की दुकान पर काफी ग्राहक दिखे। दुकानदार मनोज कुमार ने बताया कि शादियां शुरू होने के बाद लोग महिलाओं व बच्चों के कपड़े खरीदने पहुंच रहे हैं। दोपहर में कम, लेकिन सुबह व शाम अधिक ग्राहक आ रहे हैं।

नवदुर्गा चौराहा के निकट साड़ी सेंटर संलक कृष्ण कुमार ने बताया कि विवाह में महिलाएं साड़ियां व लहंगा पहनना अधिक पसंद करती है, इसलिए सहालग शुरू होने के बाद साड़ियों की बिक्री बढ़ गई है।

तिरंगा मार्केट में आभूषण व्यवसायी गुरु प्रसाद ने बताया कि इस बार गहनों की बिक्री पर महंगाई का प्रभाव पड़ा है। हल्के व डिजाइनर गहनों की मांग अधिक है। पप्पू अली का कहना है कि सोना चांदी महंगा होने के कारण आर्टिफिशियल गहने अधिक बिक रहे हैं। बर्तन दुकानदार अनिल अग्रहरि ने बताया कि धनतेरस से ग्राहक आने शुरू हुए हैं उसके पहले मद्दा था।

विवाह के शुभ मुहुर्त

देवउठनी एकादशी के साथ ही शादी-विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। साल 2026 के अंत तक विवाह के कुल 11 शुभ मुहूर्त रहेंगे। दृक पंचांग के अनुसार, नवंबर में 21, 24, 25 और 26 नवंबर को शादी के लिए शुभ तिथियां हैं। वहीं, आखिरी शुभ मुहूर्त 12 दिसंबर को रहेगा। इसके बाद 16 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास लग जाएगा और शादी-विवाह पर रोक लग जाएगी।

कब से कब तक रहेगा खरमास

16 दिसंबर को ग्रहों के राजा जैसे ही वृश्चिक राशि से निकलकर धनु राशि में गोचर करेंगे, इसके साथ ही खरमास आरंभ हो जाएगा। खरमास में शुभ व मांगलिक करना वर्जित माना गया है।

साल में खरमास दो बार आता है, पहला खरमास दिसंबर के मध्य से जनवरी के मध्य तक रहता है, जब सूर्य धनु राशि में गोचर करते हैं, फिर दूसरा खरमास मार्च-अप्रैल के दौरान लगता है, जब सूर्य मीन राशि में प्रवेश करते हैं। दोनों ही अवधियों में सूर्य के राशि परिवर्तन के कारण मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाता है।

यह भी पढ़ें- 20 नवंबर से फिर गूंजेगी शहनाई, इस साल शादी के लिए बचे हैं सिर्फ 16 दिन; 2027 तोड़ेगा 26 साल का रिकॉर्ड!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।