अमेठी में ससुराल से लौटकर युवक ने कुएं में लगाई छलांग, पत्नी और ससुर पर प्रताड़ना का आरोप
अमेठी के माठा गांव में एक युवक ने पत्नी और ससुर द्वारा प्रताड़ित किए जाने के आरोप के बाद कुएं में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अमेठी में युवक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या की।
पत्नी और ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया।
आत्महत्या से पहले युवक ने वीडियो भी बनाया।
संवाद सूत्र, अमेठी। शिवरतनगंज के माठा गांव मजरे महिया सिंदुरिया में शुक्रवार तड़के एक युवक ने घर के पास स्थित कुएं में कूदकर जान दे दी। परिवार का आरोप है कि वह पत्नी और ससुर की प्रताड़ना से परेशान था। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव निवासी उमाशंकर गोस्वामी के पुत्र सोनू गिरि (27) का विवाह करीब चार साल पहले मोहनगंज के मठिया मजरे कमई विराज गांव निवासी राजकुमार गिरि की पुत्री महिमा से हुआ था। परिवारजन के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर मनमुटाव था। रिश्ते सुधारने के लिए सोनू करीब एक साल पहले पत्नी को लेकर शिमला चला गया था, जहां दोनों रह रहे थे। करीब छह महीने पहले फिर विवाद हुआ और महिमा मायके चली गई।
जानकारी के अनुसार, सोनू कुछ दिन पहले शिमला से घर लौटा था। गुरुवार को वह पत्नी महिमा को लेने ससुराल मठिया गया, लेकिन आरोप है कि महिमा उसके साथ नहीं आई। परिवार का कहना है कि वहां पत्नी और ससुर राजकुमार ने सोनू को प्रताड़ित किया। देर रात घर लौटने के बाद वह काफी परेशान था।परिवारजन के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे सोनू बिस्तर से उठकर कहीं चला गया। काफी देर तक न लौटने पर उसकी तलाश की गई।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर के पास स्थित कुएं में उसका शव मिला। सोनू की मौत से पिता उमाशंकर, मां संगीता और छोटा भाई अनुज शोकाकुल हैं। जानकारी के अनुसार, कुएं में कूदने से पहले सोनू ने अपने मोबाइल में एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने पत्नी महिमा और ससुर राजकुमार पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें- नेपाल की राह होगी आसान, बाराबंकी में 400 करोड़ से बनेंगे दो थ्री-लेन पुल, सेतु निर्माण के लिए सरयू में उतरीं मशीनें
मोबाइल पुलिस के कब्जे में है। दैनिक जागरण वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चाची की बिगड़ी हालत, अस्पताल में भर्ती
सोनू की मौत की जानकारी मिलने पर उनकी चाची सोनम की हालत बिगड़ गई। परिवारजन और ग्रामीण उन्हें सीएचसी सिंहपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने इलाज किया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।