अब डिजिटल दुनिया में भी पीछे नहीं रहेंगी केजीबीवी की बेटियां, अमेठी के स्कूलों में चल रहा खास जागरूकता अभियान
अमेठी में 'हर कदम बेटी के संग' अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं को डिजिटल दुनिया में भागीदारी और सुरक्षित तकनीक के उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यह अभियान रूम टू रीड इंडिया के गर्ल्स एजुकेशन प्रोग्राम द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य डिजिटल समानता और समान अवसर प्रदान करना है।
-1795422953006_m.webp)
HighLights
अमेठी में बेटियों के लिए डिजिटल जागरूकता अभियान शुरू।
कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में छात्राओं को तकनीक सिखाई जा रही।
डिजिटल समानता और सुरक्षित उपयोग पर केंद्रित गतिविधियां।
जागरण संवाददाता, अमेठी। डिजिटल दुनिया में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें तकनीक के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से रूम टू रीड इंडिया के गर्ल्स एजुकेशन प्रोग्राम (जीईपी) के तहत 25 नवंबर तक हर कदम बेटी के संग अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत सभी 13 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक की छात्राएं खेल और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए डिजिटल समानता का महत्व समझ रही हैं।
अभियान की थीम डिजिटल दुनिया में समानता के रंग, हर कदम बेटी के संग रखी गई है। इसके तहत आयोजित किशोरी मेले में छात्राओं ने रिंग टास गेम, डिजिटल अवतार निर्माण और डिजिटल फुटप्रिंट वाल जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रिंग टास खेल के माध्यम से छात्राओं से डिजिटल सुरक्षा और जागरूकता से जुड़े सवाल पूछे गए।
वहीं डिजाइन योर डिजिटल अवतार गतिविधि में उन्होंने अपनी कल्पनाओं के अनुरूप डिजिटल पहचान तैयार की। अभियान के तहत आयोजित पोस्टर मेकिंग गतिविधि में भी छात्राएं अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन कर रही हैं। डिजिटल समानता, तकनीक तक समान पहुंच और सुरक्षित डिजिटल उपयोग जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाकर बेटियों की समान भागीदारी का संदेश दिया जा रहा है।
रंगों और चित्रों के माध्यम से छात्राएं डिजिटल दुनिया में अपने अधिकारों और अवसरों को लेकर विचार व्यक्त कर रही हैं।इससे पहले इंटरैक्टिव फ्लेक्स और बेस्ट आउट आफ वेस्ट जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनमें छात्राओं ने डिजिटल समानता पर अपने विचार साझा करने के साथ अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी और आकर्षक सामग्री तैयार की।
इन गतिविधियों के जरिए बालिकाओं को डिजिटल पहचान, आनलाइन सुरक्षा और तकनीक के जिम्मेदार इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है। अभियान का उद्देश्य बेटियों को डिजिटल दुनिया में सीखने, आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने के लिए समान अवसरों के प्रति जागरूक करना है।-गोविंद नारायण शुक्ला, जिला समन्वयक-गुणवत्ता एवं प्रशिक्षण