अमेठी में 15 हजार गैस कनेक्शन अटके, KYC पूरी न ट्रांसफर की राह साफ
प्रकाश गैस एजेंसी पर कार्रवाई के बाद अमेठी में 15 हजार गैस कनेक्शन अटके हुए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को भारी ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
प्रकाश गैस एजेंसी पर कार्रवाई से 15 हजार कनेक्शन अटके।
केवाईसी, निलंबित कनेक्शन, मृतक उपभोक्ता मुख्य समस्या।
उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल रही, ट्रांसफर प्रक्रिया बाधित।
संवादसूत्र, जागरण, अमेठी। प्रकाश गैस एजेंसी पर कार्रवाई के बाद उपभोक्ताओं के सामने नई मुश्किल खड़ी हो गई है। एजेंसी से जुड़े करीब 40 हजार कनेक्शनों में से 25 हजार को आसपास की दूसरी गैस एजेंसियों में स्थानांतरित किया जा चुका है, लेकिन करीब 15 हजार कनेक्शन अब भी अटके हुए हैं।
केवाइसी पूरी न होने, लंबे समय से सस्पेंड कनेक्शन और उपभोक्ताओं की मृत्यु से जुड़े मामलों के कारण इन कनेक्शनों का स्थानांतरण नहीं हो पा रहा है।
हालात यह हैं कि प्रभावित उपभोक्ताओं को न तो दूसरी एजेंसी से गैस मिल पा रही है और न ही कनेक्शन ट्रांसफर की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। सबसे अधिक परेशानी मृतक उपभोक्ताओं के परिवारजन को उठानी पड़ रही है।
कनेक्शन अपने नाम कराने के लिए वह लगातार एजेंसी और वितरण केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं। तकनीकी प्रक्रिया पूरी न होने से उन्हें राहत नहीं मिल पा रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि सामान्य कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को दूसरी एजेंसियों में स्थानांतरण के बाद राहत मिल गई है, लेकिन केवाइसी, सस्पेंड कनेक्शन और मृतक उपभोक्ताओं से जुड़े मामलों में स्थिति स्पष्ट नहीं है। कई उपभोक्ताओं को यह तक जानकारी नहीं मिल पा रही है कि उनका कनेक्शन कब तक दूसरी एजेंसी में स्थानांतरित होगा।
अधिकांश कनेक्शन नजदीकी गैस एजेंसियों में स्थानांतरित किए जा चुके हैं। जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन अभी स्थानांतरित नहीं हो पाए हैं, उनकी सूची तैयार कर कंपनी को भेजी जा रही है। जल्द ही शेष कनेक्शनों को भी दूसरी एजेंसियों में स्थानांतरित कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
-शुभम, पूर्ति निरीक्षक
