धनतेरस पर तांबे-पीतल के बर्तनों की बिक्री में 30% का उछाल, फूलों के बर्तन का भी बढ़ा क्रेज
धनतेरस और दीपावली के अवसर पर अमेठी के बाजारों में बर्तनों की खरीदारी में तेजी आई है, खासकर तांबा, पीतल ...और पढ़ें

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
धनतेरस पर तांबा, पीतल और फूल के बर्तनों की मांग बढ़ी।
स्वास्थ्य और पारंपरिक उपयोग से तांबा-पीतल बर्तनों की मांग बढ़ी।
अमेठी के बाजारों में बर्तनों की बिक्री में 30% वृद्धि।
जागरण संवाददाता, अमेठी। धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजार सज गए हैं। शुभ अवसर पर बर्तनों की खरीदारी की परंपरा के चलते दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। इस बार बाजार में स्टील के साथ तांबा, पीतल और फूल के बर्तनों की मांग में तेजी आई है।
खासकर स्वास्थ्य और पारंपरिक उपयोग को ध्यान में रखते हुए लोग तांबे और पीतल के बर्तनों की ओर लौट रहे हैं। अच्छी बिक्री की उम्मीद से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदार खरीदारी पर विशेष छूट और उपहार भी दे रहे हैं।
पहले धनतेरस पर स्टील के बर्तनों की खरीदारी का अधिक चलन था, लेकिन अब तांबे और पीतल की थाली, गिलास, लोटा, जग, पानी की बोतल और अन्य बर्तनों की मांग बढ़ रही है। इसके अलावा कड़ाही, फ्राई पैन और फूल के बर्तनों की भी खूब पूछताछ हो रही है।
शादी-विवाह और पूजा-पाठ में इस्तेमाल के लिए भी लोग इनकी खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार तांबा और पीतल के बर्तनों की बिक्री में करीब 30 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। रामगंज कस्बे के अनिल बर्तन भंडार के संचालक आनंद अग्रहरि ने बताया कि स्टील के बर्तनों की बिक्री तो अच्छी है ही, तांबा, पीतल और फूल के बर्तनों की मांग भी तेजी से बढ़ी है।
पहले इन बर्तनों के बारे में ग्राहक कम पूछताछ करते थे, लेकिन अब इनकी मांग को देखते हुए पर्याप्त भंडारण मंगाया गया है। तांबा और पीतल के आकर्षक डिजाइन वाले बर्तन डायनिंग टेबल की शोभा भी बढ़ा रहे हैं। लोग अब पारंपरिक बर्तनों की ओर लौट रहे हैं।
शादी-विवाह में भी बढ़ी मांग
श्री श्याम टूल्स एंड हार्डवेयर के विष्णु चंद श्रीवास्तव के अनुसार, स्वास्थ्य और पारंपरिक उपयोग को ध्यान में रखकर ग्राहक तांबा-पीतल के बर्तन खरीद रहे हैं। वहीं शादी-विवाह में उपहार देने के लिए फूल के बर्तनों की भी मांग बढ़ी है।
आकर्षक डिजाइन कर रहे आकर्षित
ग्राहक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुकानों पर तांबा और पीतल के छोटे-बड़े आकार में कई आकर्षक डिजाइन उपलब्ध हैं। इन्हीं में से अपनी पसंद के बर्तन खरीदने के लिए बाजार आए हैं।
ग्राहक सूरज मौर्य ने बताया कि तांबा-पीतल के बर्तनों का इस्तेमाल पूजा-पाठ और रोजमर्रा के काम में किया जाता है। धनतेरस पर वह भी इन बर्तनों की खरीदारी करेंगे। कीमत थोड़ी अधिक जरूर है, लेकिन पारंपरिक उपयोग को देखते हुए इनकी खरीदारी करना पसंद है।
यह है बाजार में कीमत
बाजार में तांबे के बर्तन करीब 1600 रुपये प्रति किलोग्राम, पीतल के 900 से 1000 रुपये और फूल के बर्तन 2000 से 2200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहे हैं। कीमत अधिक होने के बावजूद ग्राहकों का रुझान इन पारंपरिक बर्तनों की ओर बढ़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।