अमेठी में प्रलोभन देकर मतांतरण कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने 10 आरोपी दबोचे
अमेठी में प्रलोभन देकर सामूहिक मतांतरण कराने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें कमरौली पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मतांतरण के आरोपितों का राजफाश करते एसपी सरवणन टी व बैठे एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह और सीओ दिनेश मिश्र
HighLights
अमेठी में प्रलोभन देकर मतांतरण कराने वाले 10 गिरफ्तार।
आरोपी पैसे, इलाज, शिक्षा का लालच देकर करते थे धर्मांतरण।
चार राज्यों में 240 लोगों का मतांतरण कराने का आरोप।
जागरण संवाददाता, अमेठी। प्रलोभन देकर सामूहिक रूप से मतांतरण कराने के आरोप में कमरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में महाराष्ट्र, उत्तराखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले लोग शामिल हैं।
आरोपित रुपये, मेडिकल सुविधा और बच्चों की पढ़ाई का भरोसा देकर अनुसूचित जाति के लोगों को हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। अब तक चार राज्यों में 240 व्यक्तियों का मतांतरण करा चुके हैं।
जगदीशपुर के पालपुर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी अश्वनी पांडेय ने सोमवार को मतांतरण कराए जाने की शिकायत कमरौली थाने में की। आरोप लगाया था कि कुछ लोग अनुसूचित जाति के महिला और पुरुषों को प्रलोभन देकर सामूहिक रूप से मतांतरण कराने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कमरौली पुलिस ने वांछित आरोपित राजकुमार के घर पर दबिश दी। वहां 20 से 25 लोग मौजूद मिले।

पुलिस ने पूछताछ और तलाशी के दौरान 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान सिंदुरवा रोड निवासी राजकुमार उर्फ जुऐल व सूर्यकला उर्फ मारथा, महाराष्ट्र के 703 रायल रेजिडेंसी कल्याण निवासी श्रीनिवासन डेनियल व दिव्या डेनियल, मुंबई के आनंद उपवन बिल्डिंग नंबर 02 अंबरनाथ निवासी रायल राड्रिक्स व रीता राड्रिक्स, उत्तराखंड के काशीपुर उधमसिंह नगर निवासी महिपाल सिंह बिंद उर्फ विलियम व एलविना बिलियम्स, उड़ीसा के खुदरा रोड जन्किया खुर्दा निवासी प्रकाश राव, आजमगढ़ के परवा इस्लाम थाना बरदह निवासी कन्हैया बिंद उर्फ सैमसन के रूप में पहचान हुई है। मौके से मतांतरण से संबंधित चार पुस्तकें भी बरामद की गई हैं।
यह भी पढ़ें- अब डिजिटल दुनिया में भी पीछे नहीं रहेंगी केजीबीवी की बेटियां, अमेठी के स्कूलों में चल रहा खास जागरूकता अभियान
रुपये और इलाज का भरोसा देकर जोड़ते थे लोगों को
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे रिवाइवल चर्च के माध्यम से ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं। विभिन्न राज्यों के दलित बस्ती को चिन्हित करते हैं। इसके बाद उन्हें रुपये, चिकित्सा और शिक्षा जैसी सुविधाएं दिलाने का भरोसा देकर मतांतरण के लिए प्रेरित करते थे। पुलिस के अनुसार राजकुमार के माध्यम से पूर्व में भी कुछ लोगों का मतांतरण कराया जा चुका है।
आरोपित देश के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर धर्म प्रचार और प्रवचन करते हैं। तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में इनकी सक्रियता सामने आई है। पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।- सरवणन टी, एसपी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।