विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेठी में औद्योगिक विकास को लगेगी रफ्तार, ग्रीन अमोनिया प्लांट लगाएगा एसीएमई ग्रुप

Published: Fri, 13 Nov 2026 12:32 PM (IST)

एसीएमई ग्रुप अमेठी में करोड़ों रुपये के निवेश से ग्रीन अमोनिया उत्पादन इकाई स्थापित करेगा। यह परियोजना जिले में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देगी।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. एसीएमई ग्रुप अमेठी में ग्रीन अमोनिया प्लांट स्थापित करेगा।

  2. करोड़ों का निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर।

  3. स्वच्छ ऊर्जा और हरित औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, अमेठी। औद्योगिक विकास के मानचित्र पर जिले की पहचान और मजबूत होने जा रही है। देश की अग्रणी नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी एसीएमई (एसीएमई) ग्रुप जिले में करोड़ों रुपये के निवेश से अत्याधुनिक ग्रीन अमोनिया उत्पादन इकाई स्थापित करने की तैयारी में है। प्रस्तावित परियोजना को लेकर कंपनी के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पहुंचकर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की उपलब्ध भूमि का स्थलीय निरीक्षण और चिन्हांकन किया। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से जिले में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, रोजगार सृजन और आर्थिक समृद्धि की नई संभावनाएं पैदा होंगी।

एसीएमई ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तावित परियोजना के लिए भूमि की उपलब्धता और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कंपनी द्वारा अत्याधुनिक ग्रीन अमोनिया उत्पादन इकाई स्थापित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा और हरित औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। हालांकि, अभी परियोजना के निवेश की सटीक धनराशि, उत्पादन क्षमता और निर्माण शुरू होने की समय सीमा नहीं बताई है।

रोजगार के साथ बढ़ेगी आर्थिक समृद्धि

ग्रीन अमोनिया प्लांट की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। निर्माण और संचालन के दौरान तकनीकी, इंजीनियरिंग, मशीन संचालन तथा अन्य क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही परिवहन, निर्माण सामग्री, लॉजिस्टिक्स, रखरखाव और अन्य सहायक कारोबारों को भी गति मिलेगी।

स्थानीय बाजार में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने से छोटे व्यापारियों, उद्यमियों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी लाभ मिल सकता है। इससे जिले में पूंजी निवेश, रोजगार और स्थानीय आय के नए स्रोत विकसित होंगे, जो दीर्घकाल में अमेठी की आर्थिक समृद्धि का आधार बन सकते हैं।

हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी मिलेगी नई पहचान

ग्रीन अमोनिया को स्वच्छ ऊर्जा और कम कार्बन उत्सर्जन वाले औद्योगिक विकल्प के रूप में महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रस्तावित परियोजना से हरित ऊर्जा उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलने की संभावना है। इससे अमेठी को पारंपरिक औद्योगिक गतिविधियों के साथ आधुनिक हरित उद्योगों के केंद्र के रूप में विकसित करने का रास्ता भी खुल सकता है।

निवेशकों को सुविधाएं देने में जुटा प्रशासन

जिलाधिकारी शशांक चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू के मार्गदर्शन में जिले में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। ईज आफ डूइंग बिजनेस के तहत निवेशकों को पारदर्शी व्यवस्था, विभागीय समन्वय और त्वरित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

प्रशासन का लक्ष्य औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार कर स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ना, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और जिले को निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

यह भी पढ़ें- अमेठी डीएम ने IAS पत्नी के साथ दिव्यांग बच्चों संग मनाई दीपावली, गिफ्ट पाकर खुश हुए बच्चे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।