विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अयोध्या से नहीं तो मेरे खिलाफ जहूराबाद से चुनाव लड़ें', ओपी राजभर की अखिलेश यादव को खुली चुनौती

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:55 AM (IST)

ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनौती स्वीकार कर चुनाव लड़ने या जहूराबाद सीट से उनके खिलाफ मैदान में उतरने की चुनौती दी है।

ओपी राजभर और अखिलेश यादव। (तस्वीर- फाइल)

ओपी राजभर और अखिलेश यादव। (तस्वीर- फाइल)

HighLights

  1. राजभर ने अखिलेश को योगी की चुनौती स्वीकारने को कहा।

  2. जहूराबाद सीट से उनके सामने चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया।

  3. मतदाता सूची पुनरीक्षण को सही ठहराया, विपक्ष पर साधा निशाना।

जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।

सोमवार को न्यू सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनौती स्वीकार कर ली है, अब अखिलेश यादव को भी पीछे हटने के बजाय चुनाव मैदान में उतरकर मुकाबला करना चाहिए।

यदि उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने में कोई परेशानी है तो मेरे सामने जहूराबाद सीट से मैदान में आएं। चुनाव में जनता खुद तय कर देगी कि किसमें कितना दम है। जनपद के प्रभारी मंत्री राजभर ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण का बचाव करते हुए कहा कि मृतकों, स्थानांतरित और दूसरे राज्यों में जा चुके लोगों के नाम हटाना जरूरी है।

कई लोगों के नाम अलग-अलग स्थानों पर दर्ज होने से मतदाता सूची में गड़बड़ी की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को फार्म भरकर अपने वास्तविक निवास स्थान की जानकारी देनी चाहिए, ताकि उनका नाम सही जगह दर्ज हो सके।

मंत्री ने दावा किया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 14 से 16 हजार मृतकों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने विपक्ष पर चुनाव आयोग को निशाना बनाकर राजनीति करने का आरोप लगाया।

उनका कहना था कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और निष्पक्ष चुनाव कराना उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने पूर्व के चुनावों में मृतकों के नाम पर मतदान होने का भी आरोप लगाया। राजभर ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय विपक्ष को जनता के बीच जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें- सपा प्रमुख पर राजभर का हमला, बोले- राम मंदिर नहीं जा सकते अखिलेश, भाईजान हो जाएंगे नाराज