'शिवपाल को किनारे लगाने में लगे हैं अखिलेश', ओपी राजभर का सपा प्रमुख पर तंज
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव शिवपाल यादव को लगातार किनारे कर रहे हैं, चाहे वह टिकट बंटवारे की कमेटी हो या राममनोहर लोहिया ट्रस्ट।

ओपी राजभर और अखिलेश यादव की फाइल फोटो। (सोर्स- जागरण आर्काइव)
HighLights
शिवपाल यादव को अखिलेश द्वारा लगातार किनारे किया जा रहा।
टिकट बंटवारे कमेटी, लोहिया ट्रस्ट में चाचा को गच्चा।
मुस्लिम समाज अब भाजपा की विकास नीति समझ रहा।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच टिकट बंटवारे के लिए गठित पांच सदस्यीय पैनल में शिवपाल यादव का नाम शामिल नहीं किए जाने पर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा पर निशाना साधा।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बच्चा चच्चा को बार-बार गच्चा दे रहा है। चाहे सीट बंटवारे की कमेटी का मामला हो या राममनोहर लोहिया ट्रस्ट का, हर जगह चाचा को किनारे किया जा रहा है और पार्टी भी इसे स्वीकार कर रही है।
मंत्री ने मंगलवार को न्यू सर्किट हाउस में एक न्यूज एजेंसी से वार्ता करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव के बाद अगर किसी दूसरे नेता ने समाजवादी पार्टी को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है तो वह शिवपाल यादव हैं। इसके बावजूद अखिलेश यादव उन्हें किनारे लगाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
सपा नेता आजम खां और एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच जारी बयानबाजी पर भी राजभर ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आजम खां मुसलमानों को शिक्षा, रोजगार और नौकरी के क्षेत्र में आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते, जबकि ओवैसी शिक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और अमन-चैन की बात कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खां मुसलमानों को नफरत की राजनीति के रास्ते पर रखना चाहते हैं। मंत्री ने कहा कि अब मुस्लिम समाज में भी यह भावना विकसित हो रही है कि भाजपा के खिलाफ सपा और कांग्रेस सहित अन्य दलों की ओर से फैलाया जाने वाला नफरत का संदेश वास्तविकता नहीं है।
भाजपा सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम करती है। सरकार की योजनाओं में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को बराबर लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग भी भाजपा का साथ देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अब मुस्लिम समाज को नफरत नहीं, बल्कि विकास और बेहतर भविष्य की राजनीति चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।