100 करोड़ से चमका कटेहरी स्टेशन, लेकिन 7 साल से ट्रेनों के ठहराव का इंतजार; लोगों को आवागमन में हो रही है दिक्कतें
कटेहरी रेलवे स्टेशन पर लगभग सौ करोड़ की लागत से नया भवन और डबल लाइन तैयार है, लेकिन सात साल ...और पढ़ें
-1791623566410_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
शिवकुमार तिवारी, जागरण, भीटी (अंबेडकरनगर)। करीब सौ करोड़ रुपये की लागत से कटेहरी रेलवे स्टेशन का नया और आकर्षक भवन तैयार है। रेलवे लाइन को डबल कर दिया गया, लेकिन सात वर्ष से यहां ट्रेनों का ठहराव नहीं है। पहले रुकने वाली पैसेंजर और लोकल समेत चार ट्रेनों का संचालन बंद है। एक्सप्रेस ट्रेनें बिना रुके निकल जाती हैं। इसी क्षेत्र से विधानसभा व लोकसभा में पहुंचने वाले जनप्रतिनिधियों को जनता की इस समस्या को लेकर कोई फिक्र नजर नहीं आती।
स्टेशन पर करीब 625 मीटर लंबा प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षालय, शौचालय, चहारदीवारी, उपरिगामी पुल दोनों ओर यात्री शेड और सीमेंट की बेंच का निर्माण कराया गया है। कोरोना संबंधी पाबंदियों के चलते रेल प्रशासन ने फरवरी 2019 से यहां ट्रेनों का ठहराव बंद किया था। स्टेशन पर तैनात कर्मचारी पांच वर्ष से गुजरने वाली ट्रेनों को झंडी दिखाने तक सीमित हैं।
स्थानीय लोगों और कटेहरी ब्लाक, बिजली, स्वास्थ्य, बैंक, डाक, रेलवे तथा वन विभाग के कर्मचारियों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। पहले श्रद्धालु अयोध्या, वाराणसी सहित विभिन्न शहरों और धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंचते थे। अब बस या निजी साधन ही विकल्प हैं।
नागरिक राजेंद्र यादव ने कहा कि पैसेंजर और लोकल ट्रेनों से आम लोग, विद्यार्थी, अधिवक्ता, व्यापारी और किसान कम समय व खर्च में सुरक्षित यात्रा कर पाते थे। कथावाचक बालमुकुंद शास्त्री ने कहा कि ट्रेनों के ठहराव से अयोध्या, वाराणसी और विंध्याचल जाना आसान था।
व्यापारी सुरेश सोनी के मुताबिक, ट्रेनें बंद होने से छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हुआ है। पहले बाजार देर रात तक गुलजार रहता था, अब दुकानों पर गिने-चुने ग्राहक आते हैं।
स्टेशन मास्टर अतुल कुमार ने बताया कि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है, लेकिन संचालन की सूचना नहीं मिली है। विभागीय अनुमति मिलने पर ट्रेनें शुरू की जाएंगी। सांसद लालजी वर्मा ने कहा कि उन्होंने संसद में मुद्दा उठाया है और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित अधिकारियों से मुलाकात व पत्राचार किया है। ट्रेनों के ठहराव के लिए प्रयास जारी हैं।
