हरियाणा की 'करण वंदना' और 'करण वैष्णवी' किस्म से होगी गेहूं की बंपर पैदावार, बीजों की खरीद पर मिलेगी 50% सब्सिडी
अंबेडकरनगर में हरियाणा की अधिक उत्पादन वाली गेहूं की प्रजातियां करण वंदना और करण वैष्णवी बोई जाएंगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
हरियाणा की करण वंदना, करण वैष्णवी गेहूं प्रजातियां अंबेडकरनगर में।
किसानों को बीज खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध।
प्रति हेक्टेयर 65-70 क्विंटल बंपर पैदावार का अनुमान।
उपेंद्र मौर्य, अंबेडकरनगर। इस बार खेतों में हरियाणा की अधिक उत्पादन देने वाली गेहूं की प्रजातियां करण वंदना और करण वैष्णवी लहलहाएंगी। कृषि विभाग ने करनाल रिसर्च सेंटर से प्रमाणित इन प्रजातियों का बीज मंगाकर सभी राजकीय बीज भंडार केंद्रों को भेजा है। अब तक 10 हजार किसान बीज खरीद चुके हैं। बीज खरीद पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान भी मिल रहा है।
पिछले वर्ष जिले में एक लाख 25 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बोआई हुई थी। इस बार खेती के प्रति किसानों का रुझान बढ़ने के कारण लक्ष्य पांच हजार हेक्टेयर बढ़ाकर एक लाख 30 हजार हेक्टेयर किया गया है। बीते तीन वर्षों से 90 दिनों में तैयार होने वाली गेहूं की प्रजाति की सबसे अधिक बोआई हो रही थी और उत्पादन सामान्य था। उत्पादन बढ़ाने के लिए नई प्रजातियों का बीज उपलब्ध कराया गया है।
कृषि विभाग ने करण वंदना का 39,82 क्विंटल और करण वैष्णवी का 3246 क्विंटल बीज भेजा है।अन्य प्रजातियों सहित कुल 7,941 क्विंटल बीज राजकीय भंडारों को दिया गया है। प्रत्येक ब्लॉक को करण वंदना के 400- 500 और करण वैष्णवी के 300 से 400 तक क्विंटल बीज मिले हैं। कटेहरी के किसान पवन सिंह, मलखान, धर्मेंद्र, बब्बन, शिवपूजन और जय बहादुर सिंह के अनुसार, राजकीय बीज भंडार से 510 किसानों ने अनुदान पर गेहूं का बीज लिया है।
इन दोनों प्रजातियों से 65-70 क्विंटल प्रति हेक्टेयर पैदावार का अनुमान है। कृषि विज्ञान केंद्र पांती के अधीक्षक एवं विज्ञानी डा. रामजीत ने बताया कि गेहूं की खेती के प्रति रुझान बढ़ रहा है और किसान ऊसर भूमि में भी वैज्ञानिक विधि से उत्पादन कर रहे हैं। पर्यावरण और प्रणाली प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए किसानों को सुपरसीडर से बोआई के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के तहत किसानों को अनुदान दिया जा रहा है। फसल सुरक्षा विज्ञानी डा. शिवम कुमार ने बताया कि गेहूं में रोग कम लगते हैं और कम सिंचाई व लागत में अधिक उत्पादन मिलता है।
जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी ने बताया कि दोनों प्रजातियों के बीज मंगाए गए हैं। किसान राजकीय बीज भंडारों से बीज खरीद रहे हैं और उन्हें सुपरसीडर से बोआई के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- मिनी नंदी योजना: अब घर बैठे दूसरे राज्यों से साहीवाल और गिर जैसी दुधारू गाय खरीद सकेंगे पशुपालक, नई सुविधा शुरू
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।