अंबेडकरनगर: जलालपुर बाईपास का बजट पास, आम लोगों को मिलेगा लंबे जाम से छुटकारा
अंबेडकरनगर के जलालपुर में 43.74 करोड़ रुपये की लागत से 5.80 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण परियोजना को प्रदेश की व्यय वित्त समिति की सूची में शामिल किया गया है।

जलालपुर बाईपास बनाने के लिए बजट पास
HighLights
जलालपुर बाईपास परियोजना व्यय वित्त समिति की सूची में शामिल।
43.74 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 5.80 किमी बाईपास।
लंबे जाम से मिलेगी राहत, नगरवासियों में जगी उम्मीद।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। जलालपुर में वर्षों से लंबित बाईपास निर्माण परियोजना को प्रदेश की व्यय वित्त समिति की सूची में शामिल किए जाने से नगरवासियों की उम्मीदें बढ़ी हैं। करीब 43.74 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 5.80 किलोमीटर लंबा बाईपास बनाने की योजना प्रस्तावित है। समिति की स्वीकृति के बाद परियोजना आगे बढ़ने की उम्मीद है।
जलालपुर में यातायात का दबाव लंबे समय से परेशानी का कारण है। मुख्य मार्गों पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही से अक्सर जाम लगता है। बाईपास बनने से भारी वाहनों को नगर के भीतर से गुजरने की मजबूरी कम हो सकती है। इससे यातायात व्यवस्था सुधरने और नगरवासियों व राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्व सांसद रितेश पांडेय इस जनहित के मुद्दे को सदन से लेकर शासन स्तर तक उठाते रहे हैं। उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट साझा कर परियोजना के व्यय वित्त समिति की सूची में शामिल होने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ सकेगा।
परियोजना की जानकारी से नगरवासियों में भी उम्मीद जगी है। नगर निवासी अजीत कुमार, आशीष कुमार, अर्जुन और रंजीत ने इसके जल्द वित्तीय स्वीकृति मिलने की आशा जताई। उनका कहना है कि बाईपास जलालपुर के विकास और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
