विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत, नए बाईपास निर्माण को मंजूरी; 63 करोड़ होंगे खर्च

By Anil Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 16 Oct 2026 07:27 PM (IST)

एटा शहर में यातायात दबाव कम करने के लिए 8.655 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण को शासन से मंजूरी मिल ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, एटा। शहर में यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन ने शिकोहाबाद रोड स्थित गांव निधौली खुर्द से छछैना के पास तक 8.655 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

बाईपास बनने से शहर के अंदर से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होने के साथ ही लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। शहर में विभिन्न मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों के कारण जीटी रोड पर यातायात का दबाव बना रहता है। खासकर दूसरे जिलों और कस्बों की ओर जाने वाले वाहनों को शहर के अंदर से होकर गुजरना पड़ता है।

इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाईपास बनने के बाद ऐसे वाहनों को शहर के बाहर से निकलने का विकल्प मिलेगा। शासन से बाईपास निर्माण की मंजूरी शुक्रवार को मिलने के बाद अब परियोजना को धरातल पर उतारने की तैयारी की जा रही है।

लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिकारी टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने में जुटे हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और अन्य औपचारिकताएं संपन्न होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा। परियोजना पर 63 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

शहरवासियों को मिलेगी राहत

बाईपास का निर्माण पूरा होने के बाद शिकोहाबाद रोड स्थित निधौली खुर्द से छछैना के पास तक आवागमन का वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे शहर के अंदर भारी और बाहरी वाहनों की आवाजाही कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। यातायात का दबाव घटने से मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या कम हो सकती है। साथ ही वाहन चालकों का समय बचेगा और आवागमन अधिक सुगम होगा।

इस परियोजना को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब लोगों की निगाहें टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं।

शासन स्तर से बाईपास निर्माण की मंजूरी शुक्रवार को मिल गई है। पहले चरण में निधौली खुर्द से छछैना तक बनेगा 8.655 किलोमीटर लंबा बाईपास का निर्माण होगा। इसकी मंजूरी कराने में सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड का विशेष सहयोग रहा है, इसका जनता को लाभ मिलेगा।