अंबेडकरनगर के अवैध स्पा सेंटर में भाजपा नेता के भाई की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोप में परिजनों ने किया चक्काजाम
अंबेडकरनगर के रामनगर चौक पर एक अवैध स्पा सेंटर में भाजपा नेता के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सेंटर संचालक और मैनेजर को जिम्मेदार ठहराया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अवैध स्पा सेंटर में भाजपा नेता के भाई की मौत।
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, चक्काजाम किया।
पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जांच जारी।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। रामनगर चौक के पास अवैध रूप से संचालित अवैध स्पा सेंटर में संदिग्ध परिस्थितियों में भाजपा नेता के भाई की मौत हो गई। स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए सेंटर के संचालक और मैनेजर को जिम्मेदार ठहराया है। बताया कि सेंटर मऊ और बलिया के लोग चलाते हैं। मौके पर मिले बलिया के प्रवीण नामक युवक को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
खबर है कि यह अवैध कारोबार पुलिस-प्रशासन की नाक के नीचे काफी दिनों से चल रहा था, लेकिन जांच तक नहीं की गई। इस तरह के अवैध सेंटर जिला मुख्यालय से ग्रामीणांचल तक संचालित हैं। इनमें देह व्यापार की आशंका भी स्थानीय लोग जता रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे स्वजन ने नौकरी व मुआवजा की मांग को लेकर आरोपुर बाजार में मार्गजाम कर दिया।
आलापुर के बहरामपुर निवासी अजय निषाद शुक्रवार को रामनगर चौक में गन्ना बेचने गए थे। शाम को वह स्पा सेंटर मसाज कराने पहुंचे, जहां उनकी तबीयत बिगड़ गई। कर्मचारियों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने किया विरोध
मृतक के भाई और भाजपा पिछड़ा मोर्चा कार्यसमिति के सदस्य सुनील निषाद का आरोप है कि स्पा सेंटर का मैनेजर उनके भाई पर बार-बार रुपये देने का दबाव बना रहा था, जिससे वह तनाव में थे। सुनील के अनुसार, अजय ने सेंटर पर मोबाइल से आनलाइन रुपये भेजे थे। इसके 25 मिनट बाद उनकी मौत हो गई। उन्होंने मौत के लिए सेंटर के संचालक और मैनेजर को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस की कारगुजारी से नाराज स्वजन और ग्रामीणों ने विरोध किया।
स्थिति बिगड़ने पर जहांगीरगंज से भी पुलिस बुलाई गई। किसी तरह लोगों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आलापुर थानाध्यक्ष शशांक शुक्ल ने स्पा सेंटर की जांच की और मौके पर मिले युवक को हिरासत में ले लिया। शाम को शव को सरयू नदी के चहोड़ा घाट पर भू-समाधि दे दी गई।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में सड़क हादसा: शादी से लौट रही वैन को कार ने मारी टक्कर, तीन की मौत; आठ घायल
एएसपी (पश्चिमी) देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि युवक की मौत की जांच की जा रही है। शरीर पर चोट का निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्पा सेंटर वैध था या अवैध, इस बारे में भी पता किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।