उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का फिर मौका, 17 नवंबर से ली जाएंगी दावे-आपत्तियां
अंबेडकरनगर में 2027 के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू हो रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
17 नवंबर से मतदाता सूची में दावे-आपत्तियां दर्ज होंगी।
1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष आयु वाले करें आवेदन।
डीएम ने युवाओं और महिलाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। लोकतंत्र में किसी भी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित न रहने देने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 शुरू किया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने आमजन से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
उन्होंने खास तौर पर युवाओं और पहली बार मतदाता बनने जा रहे नागरिकों से समय पर पंजीकरण कराने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग की संशोधित समय-सारिणी के अनुसार 17 नवंबर को एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित होगी।
इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या इस तारीख तक 18 वर्ष के होने वाले युवा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-छह भर सकते हैं। आवेदन के साथ अद्यतन फोटो तथा जन्मतिथि और निवास के प्रमाण से जुड़े दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रति लगानी होगी। इसके लिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क किया जा सकता है।
पंजीकरण के लिए आनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। पात्र नागरिक ईसीआइनेट मोबाइल एप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आफलाइन आवेदन संबंधित बीएलओ के पास जमा किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने लोगों से प्रारूप मतदाता सूची देखकर अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम जांचने की अपील की। सूची में नाम नहीं होने पर फार्म-छह भरने और नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से संशोधन कराने को कहा। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।