विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकरनगर के हर वार्ड में बनेगा सोलर पंप हाउस, पेयजल संकट से मिलेगी राहत

Published: Sat, 14 Nov 2026 05:08 PM (IST)

अंबेडकरनगर में पेयजल समस्या के समाधान के लिए हर वार्ड में सौर ऊर्जा से संचालित पंप हाउस बनेंगे। शासन ने 1.02 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. इल्तिफातगंज में पेयजल समस्या के समाधान को मंजूरी।

  2. हर वार्ड में सौर ऊर्जा से चलेंगे पंप हाउस।

  3. 1.02 करोड़ रुपये की योजना से घरों तक पानी।

संवाद सूत्र, इल्तिफातगंज (अंबेडकरनगर)। पेयजल समस्या से जूझ रहे इल्तिफातगंज नगर पंचायत के नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। शासन ने कस्बे के सभी वार्डों में सौर ऊर्जा से संचालित पंप हाउस बनाने के लिए 1.02 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है।

इसके तहत हर वार्ड में अलग पंप हाउस बनाकर पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा, ताकि घरों तक टोटी के जरिए पानी पहुंच सके। सौर ऊर्जा से पंप चलने के कारण बिजली खर्च भी कम होगा।

नगर पंचायत के विस्तारीकरण के बाद शामिल हुए कटरिया, विद्युतनगर, सुभाषनगर और विवेकानंदनगर सहित पुराने वार्डों में भी पेयजल की समस्या है। कई मोहल्लों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को निजी संसाधनों और हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता है। गर्मी में स्थिति और गंभीर हो जाती है। सभी वार्डों में समान पेयजल व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से यह योजना बनाई गई है।

करीब चार माह पहले नगर पंचायत प्रशासन ने वार्डों में पेयजल स्थिति का आकलन कर पंप हाउस के लिए जमीन चिह्नित की थी। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया। योजना को मंजूरी के साथ 1.02 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इसमें से 51 लाख रुपये की पहली किस्त नगर पंचायत को मिल चुकी है, शेष राशि मिलने के बाद योजना के काम आगे बढ़ाए जाएंगे।

हर वार्ड में तीन किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगाया जाएगा। साथ ही बोरिंग, सबमर्सिबल पंप और उपकरणों की सुरक्षा के लिए पंप हाउस बनाया जाएगा। पाइपलाइन के जरिए घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था होगी।

अधिशासी अधिकारी अजीत बागी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी वार्डों में बेहतर पेयजल व्यवस्था के लिए योजना तैयार की गई है। पहली किस्त मिल चुकी है और शेष धनराशि आने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में समूह की महिलाओं को बिना ब्याज के मिलेगा 15 लाख लोन, IIM लखनऊ देगा 18 महीने की ट्रेनिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।