अंबेडकरनगर में पहली बार केन हार्वेस्टर से कटेगा गन्ना, अकबरपुर चीनी मिल में 15 नवंबर से शुरू होगी पेराई
अंबेडकरनगर की अकबरपुर चीनी मिल मिझौड़ा में 15 नवंबर से गन्ने की पेराई शुरू होगी, जिसमें पहली बार केन हार्वेस्टर का उपयोग किया जाएगा।

कटेहरी के आदमपुर तिदौंली गांव मे तैयार गन्ना फसल
HighLights
अकबरपुर चीनी मिल में 15 नवंबर से गन्ने की पेराई शुरू।
जिले में पहली बार केन हार्वेस्टर से होगी गन्ने की कटाई।
किसानों को एक सप्ताह में भुगतान, चीनी के दाम घटने की उम्मीद।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। अकबरपुर चीनी मिल मिझौड़ा में गन्ने की पेराई आगामी 15 नवंबर से प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए किसानों को एक सप्ताह पहले पर्ची मुहैया कराई जाएगी। सर्वे सट्टा के मुताबिक किसानों को पर्ची दी जाएगी। उत्पादन के बाद बाजार में बढ़ी चीनी का मूल्य भी कम होने के कयास लगाए जा रहे हैं। पहली बार गन्ने की कटाई केन हार्वेस्टर से होगी।
जनपद में गन्ना फसल का क्षेत्रफल 29572 हेक्टेयर है, इस पर करीब तीन हजार से अधिक किसानों को लाभ मिलता है। जिले में पहली बार गन्ने की कटाई के लिए केन हार्वेस्टर गन्ना समिति किसानों को मुहैया कराएगा। इससे कई एकड़ गन्ने की कटाई कुछ ही घंटों में हो जाएगी।
चीनी मिल मिझौड़ा के एजीएम कैलाश चौधरी ने बताया कि 15 नवंबर से पेराई प्रारंभ की जाएगी। किसानों को भुगतान एक सप्ताह के भीतर हो जाएगा। चीनी का उत्पादन होने से बाजार में चीनी का मूल्य कम होने की उम्मीद है। किसानों का गन्ना मिल में दीपावली के बाद पहुंचना प्रारंभ हो जाएगा, इससे पहले पर्ची उनके मोबाइल नंबर पर एवं डाक के माध्यम से पहुंचाई जाएगी।
जिला गन्ना अधिकारी साहब लाल यादव ने बताया कि गन्ने की कटाई के लिए पहली बार केन हार्वेस्टर किसानों को दिया जाएगा। पहली बार इसे जिले में लाया जा रहा है। एक मशीन मुहैया कराई जा रही है जो बुकिंग के तौर पर किसानों के खेतों से गन्ने की कटाई करेगी।
पर्ची वितरण की व्यवस्था करनी होगी बेहतर
भीटी से काही गांव के वीरेंद्र यादव ने बताया कि मिझौड़ा चीनी मिल से काफी सहूलियत मिलती है। गन्ना बेचने में मात्र पर्ची मिलने की व्यवस्था अच्छी हो जाए तो बेहतर होगा और गन्ने का क्षेत्रफल भी बढ़ेगा। चंदौका के विजय दुबे ने बताया कि दिसंबर-जनवरी में पर्ची की समस्या और सड़कों पर जाम से आमजन को परेशानी होती है, इस पर भी मिल प्रशासन को विचार करना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।