अंबेडकरनगर में निधन के बाद संगठन में बनाया पदाधिकारी, भाजपा की लिस्ट पर उठे सवाल
अंबेडकरनगर में भाजपा के दिवंगत नेता रामसूरत मौर्य को निधन के एक वर्ष बाद संगठन में पद दिए जाने से ...और पढ़ें

HighLights
दिवंगत रामसूरत मौर्य को श्रम प्रकोष्ठ में पद मिला।
निधन के बाद पद देने से संगठन पर सवाल।
जिलाध्यक्ष ने गलती मानी, संशोधित सूची जल्द आएगी।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। भाजपा के दिवंगत नेता रामसूरत मौर्य को निधन के एक वर्ष से अधिक समय बाद श्रम प्रकोष्ठ की प्रांतीय कमेटी में जिम्मेदारी दिए जाने से संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। जीवित न रहे नेता का नाम पदाधिकारियों की सूची में शामिल होने से सूची तैयार करने की प्रक्रिया और संगठनात्मक गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं।
विडंबना यह है कि संगठन के लिए योगदान देने वाले कार्यकर्ता की जीवनकाल में सुध लेने की खास पहल नहीं दिखी, जबकि निधन के बाद उन्हें पदाधिकारी बना दिया गया। यह महज सूची में हुई चूक नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के प्रति संगठन की संवेदनशीलता और जवाबदेही पर भी सवाल है।
सवाल यह भी है कि प्रांतीय कमेटी की सूची जारी करने से पहले क्या जिला संगठन से जानकारी या सुझाव नहीं लिए गए, यदि राय मांगी गई थी तो उसे नजरअंदाज क्यों किया गया। चुनाव नजदीक हैं और भाजपा मिशन-2027 की तैयारियों में जुटी है।
ऐसे में इस तरह की लापरवाही संगठन की जमीनी सक्रियता और कार्यकर्ताओं के सम्मान को लेकर असहज करने वाली है। जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल ने बताया कि कहीं न कहीं गलती हुई है। इसकी जानकारी प्रदेश कमेटी को दे दी गई है। जल्द ही संशोधित सूची जारी की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।