अब विज्ञान-गणित में महारत हासिल करेंगी अंबेडकरनगर की बेटियां, IIT गांधीनगर और खान एकेडमी ने संभाला जिम्मा
शिक्षा विभाग ने अंबेडकरनगर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को गणित और विज्ञान में दक्ष बनाने के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं को गणित-विज्ञान में दक्ष बनाया जा रहा।
आईआईटी गांधीनगर विज्ञान, खान एकेडमी गणित की ऑनलाइन कक्षाएं ले रहा।
800 छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रही हैं अंबेडकरनगर में।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। ग्रामीण परिवेश की छात्राओं को गणित और विज्ञान में दक्ष बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में नई पहल की है। विज्ञान पढ़ाने की जिम्मेदारी गुजरात स्थित आइआइटी गांधीनगर ने ली है, जबकि गणित की आनलाइन क्लास खान एकेडमी के जरिए प्रतिदिन चलती है।
अकबरपुर, कटेहरी, भीटी, जलालपुर, रामनगर, भियांव, जहांगीरगंज और टांडा के कस्तूरबा विद्यालयों में 800 छात्राएं अध्ययनरत हैं। आइआइटी गांधीनगर के प्रशिक्षक और प्रशिक्षु हर मंगलवार और शुक्रवार को विज्ञान की क्लास लेते हैं। छात्राओं से सीधे संवाद के लिए गूगल मीट का इस्तेमाल किया जाता है। क्लास यू-ट्यूब पर भी चलती है।
विज्ञान की कक्षा में छात्राओं को आसपास की गतिविधियों के जरिए वैज्ञानिक क्रियाकलाप समझाए जाते हैं। उन्हें जिज्ञासा बाक्स भी दिया गया है, जिसमें प्रयोग से जुड़े उपकरण उपलब्ध हैं। क्लास से पहले छात्राओं को उपकरणों की जानकारी दी जाती है। आईआईटी की ओर से गूगल मीट की आईडी और पासवर्ड भेजा जाता है। शाम चार बजे शुरू होने वाली कक्षा में छात्राएं अभ्यास करती हैं और अपनी जिज्ञासाओं के जवाब पाती हैं।
गणित सीखने के लिए खान एकेडमी पर छात्राओं को अपना पंजीयन कराना होता है। सभी कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं ने पंजीयन कराया है। पंजीयन नंबर के जरिए वे किसी भी समय गणित सीख सकती हैं। एक अध्याय पूरा होने के बाद अगला अध्याय शुरू होता है। संस्था इसका फीडबैक राज्य स्तर पर बेसिक शिक्षा के परियोजना कार्यालय को देगी। इससे पता चलेगा कि कितनी छात्राएं गणित में रुचि ले रही हैं।
यह भी पढ़ें- जन्म-मृत्यु पंजीकरण के नियमों में बड़ा बदलाव: अब दो साल से पुराने डेथ-बर्थ रजिस्ट्रेशन के लिए ये आदेश अनिवार्य
कार्यक्रम की निगरानी के लिए जिला स्तर पर समन्वयक और मेंटर तैनात किए गए हैं। वे राज्य और विद्यालय स्तर पर समन्वय बनाने के साथ छात्राओं की पढ़ाई में आ रही बाधाओं का समाधान करते हैं। बीएसए डाक्टर पूनम मिश्रा ने बताया कि हर छात्रा को 30 मिनट का समय मिलता है। प्रत्येक कस्तूरबा विद्यालय में आठ-नौ कंप्यूटर लगाए गए हैं।