विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबेडकरनगर के अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेगी एयरपोर्ट जैसी सुविधा, 10 रुपये में मिलेगा एसी वेटिंग रूम

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:39 AM (IST)

अंबेडकरनगर के अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त लग्जरी एसी वेटिंग रूम बनाया जाएगा। इसमें सोफा, एसी, आरओ पानी, स्मार्ट टीवी और समाचारपत्र जैसी सुविधाएं 10 रुपये प्रति घंटे के शुल्क पर मिलेंगी।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. अकबरपुर स्टेशन पर बनेगा आधुनिक लग्जरी एसी वेटिंग रूम।

  2. यात्रियों को 10 रुपये प्रति घंटे पर मिलेंगी विशेष सुविधाएं।

  3. सोफा, एसी, आरओ पानी, स्मार्ट टीवी जैसी सुविधाएँ होंगी।

संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रतीक्षालय बनाया जाएगा।इसमें सोफा,एसी, आरओ का ठंडा और गर्म पानी,स्मार्ट टीवी तथा समाचारपत्र की सुविधा होगी।इसके लिए यात्रियों को 10 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क देना होगा। रेलवे प्रशासन ने प्रस्ताव डीआरएम, लखनऊ को भेजा है।

स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को यह सुविधा जल्द मिले। अकबरपुर जिले का सबसे बड़ा और व्यस्त रेलवे स्टेशन है। यहां से हर दिन 33 जोड़ी ट्रेनें गुजरती हैं। सामान्य दिनों में भी सैकड़ों यात्री यहां से सफर करते हैं, जबकि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या 1000 से 1500 तक पहुंच जाती है। ट्रेन के इंतजार में यात्रियों को कई घंटे स्टेशन पर रुकना पड़ता है।

सामान्य वेटिंग रूम है, लेकिन जगह कम होने के कारण यात्रियों को प्लेटफार्म पर बैठकर इंतजार करना पड़ता है। गर्मी में तेज धूप और सर्दी में ठंडी हवा से उन्हें परेशानी होती है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक दिक्कत होती है। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि लग्जरी वेटिंग रूम बनने से लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी। यात्री एसी हाल में सोफे पर बैठकर ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे।

स्मार्ट टीवी पर ट्रेनों की जानकारी और मनोरंजन की सुविधा होगी। साथ ही, आरओ का शुद्ध पानी और अखबार भी उपलब्ध रहेगा। अयोध्या रेल मंडल के कमर्शियल इंस्पेक्टर विनोद यादव ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत अकबरपुर स्टेशन का लगातार विकास किया जा रहा है। प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज, टिकट काउंटर और साफ-सफाई में सुधार के बाद अब यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लग्जरी वेटिंग रूम इसी दिशा में एक और कदम होगा।

यह भी पढ़ें- 3 दशक में कितनी बदली अंबेडकरनगर की सियासत, 2027 में किस पार्टी के हाथ में आएगा 'तुरुप का इक्का'?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।