राष्ट्रीय लोक अदालत में 5030 वादों का किया गया निस्तारण
सिविल जज सीनियर डिवीजन मधु डोगरा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में राजस्व विभाग सहित कुल 5030 वादों का निस्तारण एक दिन में करके रिकॉर्ड बनाया गया।
प्रयागराज : प्रतापगढ़ जनपद में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 5030 वादों का निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी अपर जिला जज नवनीत कुमार ने कहा कि इस बार लोक अदालत में पिछली बार की अपेक्षा अधिक मामले निस्तारित किए गए। सिविल जज सीनियर डिवीजन मधु डोगरा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में राजस्व विभाग सहित कुल 5030 वादों का निस्तारण एक दिन में करके रिकॉर्ड बनाया गया। इस लोक अदालत में क्रिमिनल उपसमनीय वाद के 2709 मामलों का निस्तारण करके छह लाख 66 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम में 11 वादों का निस्तारण करके 47 लाख 19 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई। 54 परिवार वाद, 57 सिविल वाद, 1487 राजस्व प्रशासनिक वाद, 671 बैंक एवं टेलीफोन विभाग का वाद निस्तारित किया गया। उत्तराधिकार के 57 वादों में एक करोड़ 22 लाख 71 हजार 828 रुपये का उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत से दो जोड़े की हुई विदाई :
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में दो विवाहित जोड़े सुलह करके साथ रहने के लिए राजी हो गए।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के ककरहवा गांव निवासी सुरेश जायसवाल की बेटी पूनम जायसवाल का विवाह वर्ष 2011 में महेश कुमार जायसवाल पुत्र रामशंकर जायसवाल निवासी सुल्तानपुर के साथ हुआ था। इसी प्रकार नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़नपुर गांव निवासी पारसनाथ मिश्र की बेटी कोमल उर्फ शिखा तिवारी की शादी 14 मई 2017 को अजय कुमार तिवारी पुत्र राम अक्षयवर, तिवारीपुर, जिला सुल्तानपुर के साथ हुई थी। विवाह के बाद आपसी मतभेद के कारण मुकदमेबाजी चलने लगी। दोनों मुकदमों की सुनवाई के दौरान अपर जिला जज एफटीसी प्रथम पवन कुमार श्रीवास्तव के प्रयास से दंपतियों ने आपसी सुलह करते हुए साथ-साथ रहने का निर्णय लिया। न्यायालय से दोनों जोड़े एक दूसरे का हाथ पकड़कर साथ-साथ चले गए।