Weather Update: अलीगढ़ में अब रोजाना मिलेगी मौसम की सटीक जानकारी, कृषि विज्ञान केंद्र पर खुला नया केंद्र
Aligarh Weather Report: अलीगढ़ के कृषि विज्ञान केंद्र छेरत में एक नया मौसम केंद्र शुरू हो गया है। यह केंद्र जिले के तापमान, वर्षा, आर्द्रता और हवा की गति की दैनिक जानकारी प्रदान करेगा, जिसका डेटा लखनऊ में अपडेट किया जाएगा।

कृषि विज्ञान केंद्र में स्थापित मौसम केंद्र से मौसम से जुड़ी जानकारी प्राप्त करते प्रभारी डॉ. अनंत कुमार। जागरण
HighLights
कृषि विज्ञान केंद्र छेरत में नया मौसम केंद्र शुरू।
जिले के तापमान, वर्षा, आर्द्रता की मिलेगी जानकारी।
लखनऊ वेबसाइट पर दैनिक डेटा अपडेट किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जिले में अब रोजाना मौसम से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी। इसके लिए मुख्यालय से आठ किलोमीटर दूर अनूपशहर रोड पर कृषि विज्ञान केंद्र छेरत पर यह केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र से पूरे जिले के तापमान, वर्षा, आर्द्रता, हवा की गति की रोजाना जानकारी मिलेगी।
लखनऊ में मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट पर पूर्वानुमान के साथ अपडेट किया जाएगा।चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र छेरत में चल रहा है। इस केंद्र के सेंटर आफ एक्सीलेंस(उत्कृष्टता केंद्र) के रूप में चयनित किया गया। अब इस केंद्र पर शासन की ओर से मौसम केंद्र बनाया गया है।
केंद्र के परिसर में खाली जमीन पर इसके लिए टॉवर स्थापित की गई है। इसमें हवा की गति और दिशा नापने के साथ वर्षामापी उपकरण भी लगाए गए हैं। दिन और रात का तापमान भी रिकॉर्ड किया जाएगा।
छेरत स्थित केंद्र पर लगाए गए हैं उपकरण, वर्षा की भी मिलेगी जानकारी
जिला स्तर पर यह सुविधा नहीं थी। सेंटर ने मौसम की जानकारी देना शुरू कर दिया है। अभी पूर्वानुमान की जानकारी नहीं मिल सकेगी। शनिवार को पहले दिन अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता 39 और हवा की गति पांच किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई।
यह भी पढ़ें- UP Weather: यूपी में बढ़ी ठंड, आज कई जिलों में कोहरे का अलर्ट; हरदोई में 9 डिग्री लुढ़का पारा
केंद्र के प्रभारी डॉ. अनंत कुमार ने बताया कि मौसम की जानकारी के लिए पहले मोबाइल या कंप्यूटर की मदद लेनी पड़ती थी। अब इस केंद्र के बनने से अलीगढ़ जिले के मौसम का रोजाना डाटा अपडेट मिलेगा। यहां से लखनऊ के लिए ऑनलाइन डाटा ट्रांसफर होगा।
केंद्र को बनाया जा रहा है आधुनिक
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस(उत्कृष्टता केंद्र) के रूप में चयन होने के बाद इस केंद्र पर सुविधाएं लगातार बढ़ाई जा रही है। यहां पर हाईटेक नर्सरी की स्थापना के बाद अब मौन पालन प्रशिक्षण की सुविधा भी दी जाएगी। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यहां धान, सरसों और गेहूं आदि फसलों के उन्नत किस्म के बीज भी तैयार किए जाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।