इगलास, सासनी के बस अड्डों का होगा कायाकल्प, सिकंदराराऊ में नया बनेगा; 20 करोड़ रुपये का बजट जारी
इगलास और सासनी के पुराने बस अड्डों का 10 करोड़ रुपये से कायाकल्प किया जाएगा, जबकि सिकंदराराऊ में 10 करोड़ की लागत से नया बस अड्डा बनेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
इगलास और सासनी बस अड्डों का 10 करोड़ से होगा कायाकल्प।
सिकंदराराऊ में 10 करोड़ की लागत से नया बस अड्डा बनेगा।
नरौरा में भी 10 करोड़ का नया बस अड्डा प्रस्तावित है।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। इगलास और सासनी के बस अड्डों का कायाकल्प होगा। इसके लिए 10 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो गया है, जबकि सिकंदराराऊ में नया बस अड्डा बनाया जाएगा। इसके लिए 10 करोड़ का बजट जारी किया गया है।
नरौरा में भी 10 करोड़ से नया बस अड्डा प्रस्तावित है। अलीगढ़-मथुरा रोड पर कस्बा इगलास में परिवहन निगम का बस अड्डा पुराना हो चुका है। बसें इसके अंदर नहीं जाती हैं। इसी प्रकार अलीगढ़-आगरा हाईवे पर सासनी कस्बा में बस अड्डा है, लेकिन यह भी पुरान हो चुका है। अब इन दोनों बस अड्डों का पांच-पांच करोड़ रुपये से कायाकल्प होगा।
उधर, कानपुर हाईवे पर कस्बा सिकंदराराऊ में बस अड्डा लंबे समय से बंद है। बसें रोड पर ही सवारियों को चढ़ाती-उतारती हैं। इससे यात्रियों को परेशानी होती है। एटा रोड पर गांव महामई सलावत नगर में नए बस अड्डे के लिए जमीन चयनित हो चुकी है। यह बस अड्डा हाथरस डिपो से संचालित होगा।
परिवहन निगम के परिक्षेत्र में वर्तमान में बुद्धविहार, अलीगढ़ डिपो, हाथरस, एटा, कासगंज, अतरौली डिपो हैं। नरौरा में भी 10 करोड़ से नया बस अड्डा प्रस्तावित है। इस समय नरौरा डिपो को बंद कर अतरौली डिपो में विलय किया गया है।
चारों बस अड्डों की कार्यदायी संस्था की ओर से इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजी जाएगी। उसके बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि इगलास, सासनी और सिकंदराराऊ बस अड्डे के लिए बजट जारी हो चुका है।
