यूपी परिवहन निगम की बसों में लागू होगी डिजिटल MST व्यवस्था, ऑनलाइन दर्ज होगा पूरा ब्योरा
यूपी परिवहन निगम अपनी बसों में (एमएसटी व्यवस्था को डिजिटल कर रहा है, जिससे यात्रियों को कागजी टिकट की जरूरत नहीं होगी।

परिवहन निगम की बसों में लागू होगी डिजिटल MST व्यवस्था।
HighLights
परिवहन निगम की बसों में डिजिटल एमएसटी व्यवस्था लागू होगी।
यात्रियों को कागजी मासिक सीजन टिकट साथ नहीं रखना होगा।
मोबाइल से सत्यापन और खोने की समस्या से मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। परिवहन निगम की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एमएसटी (मासिक सीजन टिकट) की व्यवस्था अब डिजिटल की जाएगी। इससे यात्रियों को कागजी एमएसटी लेकर चलने की जरूरत नहीं होगी। परिवहन निगम मुख्यालय की ओर से एमएसटी को डिजिटल बनाने के आदेश दिए गए हैं।
रायबरेली परिवहन निगम डिपो में भी जल्द ही डिजिटल एमएसटी की सुविधा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। वर्तमान में नियमित रूप से बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्धारित अवधि के लिए एमएसटी बनवानी पड़ती है। इसके लिए उन्हें काउंटर पर आवेदन और अन्य प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
डिजिटल व्यवस्था लागू होने से एमएसटी बनवाने और उसके सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाने की उम्मीद है। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि डिजिटल एमएसटी बनाने के संबंध में आदेश प्राप्त हुए हैं। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्री अपने मोबाइल अथवा डिजिटल माध्यम से एमएसटी का उपयोग कर सकेंगे।
डिजिटल एमएसटी में यात्री का विवरण ऑनलाइन दर्ज रहेगा। परिचालक जांच के दौरान डिजिटल माध्यम से टिकट की वैधता की पुष्टि कर सकेंगे। इससे कागजी टिकट के खोने या खराब होने की समस्या से भी यात्रियों को राहत मिलेगी। जिन्होंने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार व्यवस्था लागू करने की कार्रवाई की जा रही है।
