सेफ तोड़ी, ड्राईफ्रूट खाए और बीड़ी पी... अलीगढ़ के बंद मकान में घुसे चारों ने की 15 लाख की चोरी
चोरों ने दीपावली पर बंद मकान को निशाना बनाते हुए अलीगढ़ में 15 लाख रुपये से अधिक की चोरी की ...और पढ़ें

चोरों द्वारा तोड़ी गई अलमारी । सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
दीपावली पर अलीगढ़ में बंद मकान में हुई चोरी।
रिटायर्ड एफसीआई मैनेजर के घर से 15 लाख का माल चोरी।
चोरों ने ड्राईफ्रूट खाए, बीड़ी पी और गमछा छोड़ा।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। दीपावली पर परिवार गांव में त्योहार मना रहा था और चोर बंद मकान में इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। चोरों ने गांधीपार्क क्षेत्र की अंबेडकर कालोनी में चोरों ने रिटायर्ड एफसीआइ मैनेजर के मकान को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले तोड़ने के बाद दो सेफ खंगालें।
करीब 10 तोले सोने, 250 ग्राम चांदी के आभूषण और 15 से 18 हजार रुपये नकद समेत 15 लाख रुपये से अधिक का माल समेट ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने फ्रिज से ड्राईफ्रूट निकालकर खाए और बीड़ी भी पी। एक गमछा भी घर में छोड़ गए।
दीपावली पर गांधीपार्क क्षेत्र के नौरंगाबाद छाबनी में हुई घटना
घटना नौरंगाबाद छावनी स्थित अंबेडकर कालोनी की है। पीड़ित सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) में मैनेजर थे, जिनका निधन हो चुका है। परिवार आठ नवंबर को दोपहर करीब दो बजे बुलंदशहर के अनूपशहर के पास तेलिया नगला गांव में दीपावली मनाने गया था।
नौ नवंबर की सुबह करीब आठ बजे पड़ोसियों ने फोन करके घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी। लौटकर देखा तो मुख्य दरवाजे के अलावा कमरों के ताले टूटे थे। दोनों सेफ खुली और सामान बिखरा पड़ा था।
त्योहार मनाने बुलंदशहर गया था परिवार
पीड़ित के मुताबिक, वारदात रात दो से तीन बजे के बीच हुई होगी। परिवार को किसी पर सीधा शक नहीं है, हालांकि घर की जानकारी रखने वाले व्यक्ति की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। उनकी पत्नी सीआईएसएफ-सीआइएमएफआर में तकनीकी अधिकारी हैं।
फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और जुटाए साक्ष्य
क्षेत्राधिकारी द्वितीय धनंजय सिंह पुलिस और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि परिवार ने कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।