Aligarh News: सेही का शिकार करने के गए बिहार के दो मजदूर मिट्टी में दबे, शव निकालने के लिए जद्दोजहद
Aligarh News In Hindi लोधा क्षेत्र के गांव करीलिया के पास हुआ हादसा मिट्टी की ढाय खिसकी। देररात तक पुलिस फायर ब्रिगेड एंबुलेंस समेत कई टीमें राहत कार्य में जुटीं। मिट्टी हटाने के लिए हुई कई फीट गहरी खोदाई।
अलीगढ़, जागरण टीम। अलीगढ़ जिले में लोधा क्षेत्र के गांव करीलिया के पास सोमवार रात को बड़ा हादसा हुआ। यहां जंगली जानवर (सेही) का शिकार करने पहुंचे बिहार के दो मजदूर मिट्टी की ढाय खिसकने से उसमें दब गए। लोगों ने कई घंटे तक उनको निकालने का प्रयास किया। देररात को पुलिस, दमकल, एंबुलेंस, जेसीबी समेत कई टीमें आ गईं, जो राहत कार्य में जुटी थीं, मगर करीब छह घंटे बाद भी रात 12 बजे तक मजदूरों का पता नहीं चल सका था।
ईंट भट्ठा पर करते हैं काम
बिहार से आए कई मजदूर यहां लोधा क्षेत्र के गांव डिग्सी के पास सचिन शर्मा के ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। सोमवार को आठ-10 मजदूर सेही को मारने के लिए निकले थे। ये लोग गांव करीलिया व मीर की नगरिया के बीच एक मिट्टी के टीले पर पहुंच गए। यहां सेह एक बिल में घुस गया। उसी की तलाश में मजदूरों ने फांवड़े आदि से उस बिल को खोदना शुरू कर दिया। इसी बीच मिट्टी की ढाय खिसककर ढह गई। घटना करीब छह बजे की है। इसमें दो मजदूर करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में दब गए। इनके नाम बिहार के जिला गया के गांव सुंदरपुर निवासी धर्मेंद्र व प्रिंस हैं। जबकि इसी गांव के तीसरे मजदूर अर्जुन के पैर दब गए। उसे अन्य मजदूरों ने खींचकर निकाल लिया।
ये भी पढ़ें...
आसपास के लोग हुए एकत्रित, हटाई मिट्टी
मजदूरों के दबने की जानकारी पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और मिट्टी को हटाने लगे। रात करीब सवा नौ बजे तक सफलता नहीं मिली तो पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर इंस्पेक्टर लोधा आदित्य कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। इसके बाद दमकल की गाड़ियां, दो जेसीबी, एंबुलेंस, चिकित्सकों की टीम बुलाई गई। देररात 12 बजे तक मजदूरों की तलाश की जा रही थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि टीमें मजदूरों की तलाश में लगी हैं।