अलीगढ़: दो रेल फ्लाईओवर के लिए किसानों को 427 करोड़ रुपये का मुआवजा, 8 गांवों से ली जा रही है जमीन
अलीगढ़ में दो प्रस्तावित रेल फ्लाईओवर परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। किसानों को अब तक 427 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है, जिससे रेल यातायात सुगम होगा।

प्रस्तुतीकरण के लिए एआई तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
HighLights
अलीगढ़ में दो रेल फ्लाईओवर परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण
किसानों को अब तक 427 करोड़ रुपये मुआवजा वितरित
परियोजनाएं रेल यातायात को सुगम और क्षमता बढ़ाएंगी
सुरजीत पुंढीर, अलीगढ़। जिले में रेल यातायात को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित दो रेल फ्लाईओवर परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिकतर प्रक्रिया पूरी हो गई है। दाऊद खां से महरावल व अलीगढ़ से हरदुआगंज रेल रूट पर बनने वाले फ्लाइओवर के लिए किसानों को अब तक 427 करोड़ रुपये मुआवजा वितरित किया जा चुका है। दोनों परियोजनाओं के लिए कुल 504 करोड़ रुपये मुआवजा निर्धारित किया गया है।
इस तरह निर्धारित धनराशि का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा किसानों तक पहुंच चुका है। दोनों परियोजनाओं के लिए अलग-अलग गांवों में भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है।
दाऊद खां से महरावल तक प्रस्तावित आरएफओ-1 परियोजना के लिए आठ गांवों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है। इसके लिए 154 करोड़ रुपये मुआवजा निर्धारित किया गया है। इसमें से 132 करोड़ रुपये किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। इस परियोजना से करीब 650 किसान प्रभावित हैं। इसी तरह अलीगढ़ से हरदुआगंज तक प्रस्तावित आरएफओ-4 परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मुआवजा निर्धारित किया गया है। इसमें से 295 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
दाऊद खां-महरावल व अलीगढ़-हरदुआगंज रेल रूट पर भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई
इस परियोजना के दायरे में करीब 1900 किसान आ रहे हैं। दोनों परियोजनाओं को मिलाकर करीब 2550 किसानों को मुआवजा दिया जाना है। निर्धारित 504 करोड़ रुपये में से 427 करोड़ रुपये वितरित होने के बाद शेष 77 करोड़ रुपये का भुगतान बाकी है। शेष भुगतान में अधिकतर मामले न्यायालय में विचाराधीन है। मुआवजा वितरण पूरा होने के साथ ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। इन दोनों रेल फ्लाईओवर परियोजनाओं का उद्देश्य दाऊद खां, महरावल और हरदुआगंज रेलखंड पर रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाना है।
वर्तमान में रेल मार्गों पर ट्रेनों के संचालन के दबाव के चलते यातायात प्रबंधन में चुनौतियां आती हैं। परियोजनाएं पूरी होने पर ट्रेनों के आवागमन को व्यवस्थित करने और रेल परिचालन की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। सिटी मजिस्ट्रेट व विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी अतुल गुप्ता ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रहा है। अधिकतर मुआवजे का वितरण हो चुका है।
आरएफओ-1 के लिए आठ गांवों से ली जा रही जमीन
दाऊदखां से महरावल तक बनने वाले आरएफओ-1 के लिए आठ गांवों में भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए 154 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में निर्धारित हैं। यह फ्लाइओवर चिरौलिया दाऊदखां, कमालपुर, रहमदपुर गड़मई, पड़ियावली, भदेसीमाफी, सिंधौली, नगला पानखानी और अलीनगर से होकर गुजरेगा।
आरएफओ-4 में 1900 किसानों को मिला मुआवजा
अलीगढ़ से हरदुआगंज तक प्रस्तावित आरएफओ-4 के लिए 350 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में निर्धारित किए गए हैं। इसमें से करीब 295 करोड़ रुपये वितरित हो चुके हैं। इसके लिए बरौला जाफराबाद, इलियासपुर, महरावल, चुआवली, बरई, सुभानगढ़ी, सियाखास, रठगांव, इमलौठ, छेरत सुढियाल और खेरूपुर गांवों की जमीन ली जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।