रेलवे में जूनियर ट्रांसलेटर, लॉ असिस्टेंट समेत 191 पदों पर निकली वैकेंसी, आवेदन शुरू
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने आइसोलेटेड कैटेगरी के तहत 7 विभिन्न पदों पर 191 रिक्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रेलवे में आइसोलेटेड कैटेगरी के 191 पदों पर भर्ती।
जूनियर ट्रांसलेटर, लॉ असिस्टेंट समेत सात तरह के पद।
आवेदन 5 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक जारी रहेंगे।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए फिर अवसर आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने आइसोलेटेड कैटेगरी के तहत सात अलग-अलग तरह के पदों पर 191 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इनमें कानून, जनसंपर्क, हिंदी अनुवाद, कर्मचारी कल्याण से लेकर विज्ञानी और प्रयोगशाला संबंधी पद शामिल हैं।
खास बात यह है कि इन पदों के लिए शैक्षिक योग्यता और कार्यक्षेत्र भी अलग-अलग निर्धारित हैं। पांच नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। इच्छुक अभ्यर्थी चार दिसंबर 2026 तक वेबसाइट (rrbapply.gov.in) पर आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के तहत जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी) के सर्वाधिक 79 पद हैं। स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर के 27, पब्लिक प्रासिक्यूटर के 21, चीफ ला असिस्टेंट के 17, सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर के आठ, साइंटिफिक असिस्टेंट (ट्रेनिंग) के तीन और लैब असिस्टेंट ग्रेड-III (केमिस्ट एंड मेटलर्जिस्ट) के 36 पद शामिल हैं।
इन पदों का कार्यक्षेत्र भी अलग-अलग है। चीफ लॉ असिस्टेंट रेलवे के कानूनी मामलों से जुड़े कार्य देखते हैं, जबकि पब्लिक प्रासिक्यूटर की जिम्मेदारी आपराधिक मामलों में अभियोजन से संबंधित होगी। सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर रेलवे के प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क का काम संभालेंगे।
जूनियर ट्रांसलेटर हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद और राजभाषा संबंधी कार्य करेंगे। स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर कर्मचारियों के कल्याण और सेवा संबंधी मामलों से जुड़े होंगे। साइंटिफिक असिस्टेंट प्रशिक्षण संबंधी वैज्ञानिक कार्यों में और लैब असिस्टेंट रासायनिक एवं धातु संबंधी परीक्षणों में भूमिका निभाएंगे।
100 अंकों की होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा
चयन के लिए एक चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) आयोजित की जाएगी। इसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा के लिए 90 मिनट का समय निर्धारित है। लेखक-सहायता वाले पात्र अभ्यर्थियों को 120 मिनट मिलेंगे। गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक की कटौती होगी। न्यूनतम अर्हता अंक अनारक्षित और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 40 प्रतिशत, ओबीसी-एनसीएल और एससी के लिए 30 प्रतिशत तथा एसटी के लिए 25 प्रतिशत हैं।
आधा पेपर व्यावसायिक ज्ञान का
सीबीटी में प्रोफेशनल एबिलिटी के 50 प्रश्न होंगे। इसके अलावा सामान्य जागरूकता और सामान्य बुद्धिमत्ता एवं तर्कशक्ति के 15-15, गणित और सामान्य विज्ञान के 10-10 प्रश्न पूछे जाएंगे। सामान्य जागरूकता में इतिहास, भूगोल, संविधान, अर्थव्यवस्था, खेल और समसामयिक घटनाएं शामिल होंगी।
गणित में प्रतिशत, अनुपात, लाभ-हानि, ब्याज, समय एवं कार्य और बीजगणित से प्रश्न आएंगे। सामान्य विज्ञान का स्तर कक्षा 10 तक का रहेगा। जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी) की परीक्षा का स्वरूप अलग होगा। इसमें कम से कम 50 प्रतिशत प्रश्न भाषा से संबंधित होंगे।
अंग्रेजी का 20 और हिंदी का 30 प्रतिशत हिस्सा रहेगा। शेष प्रश्न सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति, अंकगणित और कंप्यूटर ज्ञान से होंगे। इस पद के लिए सीबीटी के बाद अनुवाद परीक्षा भी होगी। चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच भी शामिल है।
अभ्यर्थी आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट (rrb.indianrailways.gov.in) पर सीईएन 09/2026 का नोटिफिकेशन डाउनलोड कर सकते हैं। प्रत्येक पद की शैक्षिक योग्यता और प्रोफेशनल एबिलिटी का विस्तृत पाठ्यक्रम (Annexure IX से XV) में दिया गया है।
यह भी पढ़ें- अब प्लेटफॉर्म पर ही मिलेगा जनरल टिकट, अलीगढ़ समेत चार स्टेशनों पर शुरू होगी नई सुविधा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।