LIC हाउसिंग फाइनेंस में भर्ती: 232 अप्रेंटिस पदों पर आवेदन शुरू, चयन के लिए 100 अंकों की ऑनलाइन परीक्षा
एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने 232 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

HighLights
एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस में 232 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 1 नवंबर, परीक्षा 7 नवंबर।
स्नातक अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन, आयु सीमा 20-25 वर्ष।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बैंकिंग व वित्तीय क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (एलआईसी एचएफएल) ने अप्रेंटिस के 232 पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सात नवंबर को ऑनलाइन परीक्षा है, जो घर बैठे दी जा सकेगी। इच्छुक अभ्यर्थी एक नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करना होगा।
नोटिफिकेशन के अनुसार, भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु एक अक्टूबर 2026 को 20 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षिक योग्यता (किसी भी विषय में स्नातक) भी इसी तारीख तक पूरी होनी अनिवार्य है।
अप्रेंटिस पदों पर चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और अधिकतम अंक भी 100 निर्धारित हैं। अभ्यर्थियों को सभी प्रश्न हल करने के लिए 60 मिनट का समय मिलेगा। कम समय में प्रश्नों को हल करने की गति और सटीकता चयन में अहम भूमिका निभाएगी।
श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क के रूप में एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 200 रुपये देने होंगे। सामान्य, ईडब्ल्यूएस व ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए शुल्क 800 रुपये निर्धारित है। इसी वर्ग की महिला व ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को 600 रुपये का भुगतान करना होगा। आवेदन शुल्क जमा करने से पहले उम्मीदवार संबंधित श्रेणी के लिए लागू नियमों की पुष्टि कर लें।
ऐसे करें आवेदन
अभ्यर्थियों को एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस की आधिकारिक वेबसाइट (lichousing.com) पर जाकर भर्ती संबंधी अधिसूचना देखनी होगी। ऑनलाइन आवेदन में मांगी गई जानकारी भरकर जरूरी दस्तावेज अपलोड करने और निर्धारित शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन जमा करने के बाद उसकी प्रति सुरक्षित रख लें। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक अधिसूचना में निर्धारित पात्रता शर्तों की जांच करने की सलाह दी गई है।
