कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार के बीच चलेगी नई ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज करेंगे उद्घाटन
रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई ट्रेन (14153/14154) शुरू की है, जिसका उद्घाटन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे।

HighLights
नई कानपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ आज होगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हरी झंडी दिखाएंगे।
हाथरस और अलीगढ़ के उद्योगों को मिलेगा सीधा लाभ।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। उत्तर प्रदेश और एनसीआर के बीच रेल संपर्क को बढ़ावा देने के लिए रेलवे द्वारा नई ट्रेन संख्या 14153/14154 कानपुर सेंट्रल–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस शुरू की जा रही है।
विशेष गाड़ी संख्या 04195 का उद्घाटन केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा कानपुर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सोमवार को दोपहर 3: 30 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन हाथरस में शाम 7: 30 बजे और अलीगढ़ में रात 8: 00 बजे पहुंचेगी।
22 आधुनिक कोचों के साथ 428 किमी की दूरी तय करने वाली ट्रेन से हाथरस क्षेत्र के प्रसिद्ध हींग प्रसंस्करण, पीतल के सामान और कृषि आधारित उद्योगों के साथ अलीगढ़ के प्रसिद्ध ताला उद्योग और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) को भी लाभ मिलेगा।
यह सेवा कानपुर में यात्रियों और सड़क यातायात के दबाव को कम करेगी। कानपुर से होकर गुजरने वाले उत्तर प्रदेश के आगामी हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) कॉरिडोर के पूरक के रूप में कार्य करेगी, जिससे राज्य और राष्ट्र के लिए विकास के नए मानक स्थापित होंगे।
पीआरओ अमित मालवीय ने बताया कि सोमवार को सिर्फ उद्घाटन हो रहा है। गाड़ी संख्या 14153/14154 की नियमित चलने की सूचना शीघ्र जारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अब घने कोहरे में भी नहीं थमेगी ट्रेनों की रफ्तार, रेलवे ने अपडेट किया 'फॉग सेफ्टी डिवाइस' सिग्नल सिस्टम