ताला नगरी अलीगढ़ में हरिसन ग्रुप के चार नए प्लांट शुरू, 300 लोगों को मिलेगा रोजगार; औद्योगिक विकास को गति
हरिसन ग्रुप ने अलीगढ़ की ताला नगरी में तीन एकड़ भूमि पर चार नए उत्पादन प्लांट स्थापित किए हैं, जहाँ डिजिटल लॉक का निर्माण होगा।

रामघाट रोड ताला नगरी के सेक्टर दो स्थित हरिसन ग्रुप का प्लांट
HighLights
हरिसन ग्रुप ने अलीगढ़ में चार नए प्लांट स्थापित किए।
इन प्लांट्स में डिजिटल स्मार्ट लॉक का उत्पादन होगा।
लगभग 300 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद।
मनोज जादौन, अलीगढ़। ताला और हार्डवेयर उद्योग के लिए पहचान रखने वाली ताला नगरी में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने वाली है। ताला, हार्डवेयर और माड्यूलर किचन निर्माण के लिए प्रसिद्ध हरिसन ग्रुप ने रामघाट रोड स्थित ताला नगरी में करीब तीन एकड़ जमीन पर चार नए उत्पादन प्लांट तैयार किए हैं। यहां डिजिटल लॉक बनाए जाएंगे।
इसके लिए जापान की कंपनी के साथ विदेशी तकनीक के इस्तेमाल को लेकर करार किया गया है। उत्पादन को आधुनिक बनाने के लिए समूह की रिसर्च टीम काम कर रही है। इंजीनियर एआई का भी उपयोग करेंगे। चारों प्लांट शुरू होने पर करीब 300 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
वर्ष 1949 में आरपी मोंगा ने अपने पिता हरीचंद मोंगा के नाम से ब्रांड बनाकर ताले बनाने शुरू किए। कारोबार का विस्तार अनिल मोंगा ने किया। वर्ष 1967 में अनिल लॉक के नाम से आधुनिक प्लांट और कंपनी स्थापित की गई। वर्ष 1984 में टेलीविजन धारावाहिक ‘हम लोग’ में हरिसन लॉक के उत्पादों के प्रचार के लिए विज्ञापन शुरू किया गया।
वर्ष 1987 में लोकप्रिय धारावाहिक ‘रामायण’ से जुड़ी व्यावसायिक गतिविधि शुरू की गई। कंपनी ने वर्ष 1990 में फर्नीचर के ताले, वर्ष 2000 में दरवाजों के हार्डवेयर और वर्ष 2003 में डोर प्लेट हैंडल बाजार में उतारे।
वर्ष 1996 में अनिल मोंगा के पुत्र उमंग मोंगा ने कंपनी का काम संभाला। वर्ष 2016 में माड्यूलर उत्पादों का निर्माण शुरू हुआ। वर्ष 2020 में फिल्म अभिनेता ओमपुरी को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। वर्ष 2021 में बड़े आउटलेट की शृंखला शुरू की गई। वर्ष 2024 में हैंडल और डिजिटल स्मार्ट लॉक का निर्माण शुरू हुआ।
हरिसन ग्रुप के देशभर में 70 हजार डीलर
आगरा रोड के मदारगेट पर सामान्य लौहार प्रक्रिया से ताले बनाने का काम शुरू हुआ। बाद में हैंड प्रेस और फिर पावर प्रेस से उत्पादन किया जाने लगा। कंपनी के दिल्ली, एनसीआर और अहमदाबाद में 12 बड़े आउटलेट हैं। देशभर में 70 हजार डीलर विभिन्न राज्यों और शहरों में उत्पादों की आपूर्ति करते हैं।
बॉलीवुड अभिनेता स्व. धर्मेंद्र कंपनी के ब्रांड एंबेसडर रहे हैं। हरिसन ग्रुप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फार वोकल’ और ‘मेड इन इंडिया’ अभियान में भागीदारी कर रहा है। एसएस और एल्यूमीनियम की सीढ़ियां बनाने के लिए देशी कंपनी से व्यापारिक समझौता किया गया है।
हरिसन ग्रुप अपने उद्योगों का विस्तार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके। कंपनी फिंगर, फेस और मोबाइल कनेक्टिविटी से संचालित स्मार्ट डिजिटल लॉक बनाएगी।
-उमंग मोंगा, चेयरमैन, ग्रुप ऑफ हरिसन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।