विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना का रास्ता साफ, पहले चरण में 165 एकड़ क्षेत्र में कटेंगे प्लॉट

Published: Tue, 10 Nov 2026 05:30 AM (IST)

ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना के रास्ते की रेरा आपत्तियां दूर हो गई हैं, अब पंजीकरण संख्या का इंतजार है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. रेरा की आपत्तियां दूर, पंजीकरण संख्या का इंतजार।

  2. पहले चरण में 165 एकड़ में 890 भूखंड।

  3. भूखंडों का आवंटन लॉटरी से होगा, कीमत 23 हजार/वर्गमीटर।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। करीब तीन साल से ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। योजना की लांचिंग में बाधा बन रही रेरा की आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) के स्तर से जरूरी प्रक्रिया पूरी कर सभी संबंधित दस्तावेज भी लगा दिए गए हैं। अब रेरा से पंजीकरण नंबर मिलने का इंतजार है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में पंजीकरण नंबर जारी हो सकता है। इसके बाद एडीए योजना की लांचिंग कर सकता है।

ग्रेटर अलीगढ़ योजना को लेकर लंबे समय से तैयारियां चल रही हैं। एडीए की कोशिश थी कि दीपावली से पहले योजना को लांच कर दिया जाए, लेकिन रेरा में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी न होने से इसमें देरी हुई। पंजीकरण के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर रेरा की ओर से अलग-अलग बिंदुओं पर आपत्तियां लगाई गई थीं। इसके चलते एडीए को कई बार संशोधित प्रस्ताव और जरूरी अभिलेख भेजने पड़े।

अब इन आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। एडीए स्तर से सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद फाइल अंतिम प्रक्रिया में पहुंच गई है। योजना के पहले चरण में सेक्टर दो व तीन के करीब 165 एकड़ क्षेत्र में 890 आवासीय भूखंड विकसित किए जाने हैं। इनका आकार 72 से 450 वर्गमीटर तक प्रस्तावित है।

भूखंडों की कीमत 23 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित करने का प्रस्ताव है। पहले चरण में भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया में नीलामी का विकल्प भी अपनाया जा सकता है।

रेरा से पंजीकरण नंबर जारी होते ही योजना की लांचिंग और आवेदन प्रक्रिया का रास्ता खुल जाएगा। ऐसे में अब तक इंतजार कर रहे लोगों की नजरें अगले कुछ दिनों में होने वाली इस प्रक्रिया पर टिकी हैं। एडीए उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा ने बताया कि पंजीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही है। जल्द ही नंबर मिलने की उम्मीद है।

323 हेक्टेयर में विकसित होगी योजना

खैर रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर के सामने करीब 323 हेक्टेयर क्षेत्रफल में ग्रेटर अलीगढ़ योजना प्रस्तावित है। इसके लिए रुस्तमपुर अखन, अहमदाबाद, जतनपुर चिकावटी, अटलपुर, मूसेपुर, जिरौली डोर और ल्हौसरा विसावन क्षेत्र में भूमि चिह्नित की गई है। पहले चरण में करीब 70 हेक्टेयर क्षेत्रफल में आवासीय भूखंड विकसित करने की तैयारी है।

यह भी पढ़ें- अब प्लेटफॉर्म पर ही मिलेगा जनरल टिकट, अलीगढ़ समेत चार स्टेशनों पर शुरू होगी नई सुविधा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।