विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऑडी कार से कुचलकर युवक की हत्या: भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष का भतीजा गिरफ्तार, बोला- मैं ही चला रहा था कार

Published: Sat, 24 Oct 2026 07:09 AM (IST)

अलीगढ़ में ऑडी कार से हलवाई को कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में ऑडी कार से बाइक सवार की जान लेने का आरोपित विक्रांत । सौ. पुलिस

पुलिस की गिरफ्त में ऑडी कार से बाइक सवार की जान लेने का आरोपित विक्रांत । सौ. पुलिस 

HighLights

  1. ऑडी कार से हलवाई मनोज की हत्या का आरोप।

  2. भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष का भतीजा विक्रांत गिरफ्तार, जेल भेजा।

  3. विक्रांत ने कार चलाने की बात स्वीकार की।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बाइक सवार हलवाई को ऑडी कार से टक्कर मारने और फिर उसके ऊपर कार चढ़ाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपित विक्रांत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। विक्रांत भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह का भतीजा है। पूछताछ में उसने घटना के समय कार चलाने की बात स्वीकार की, लेकिन हत्या करने के आरोप से इन्कार किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया है।
घटना 20 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे की है। गभाना क्षेत्र के मेहरावल नगरिया निवासी मनोज कुमार बाइक से सामान पहुंचाने अलीगढ़ आ रहे थे। उनके साथ गांव का कन्हैया भी था।

ऊदला मोड़ पर बाइक हटाने को लेकर ऑडी कार सवारों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद कार सवारों ने दोनों के साथ गाली-गलौज की। मनोज और कन्हैया वहां से आगे निकल गए तो कार चालक ने रास्ते में साईं मेडिकल कॉलेज के पास पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कन्हैया सड़क पर गिर गए, जबकि मनोज दूसरी ओर जा गिरे।

ऑडी कार से टक्कर मारने के बाद बाइक सवार को भागा था कुचल कर

घटना के सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि टक्कर के बाद कार कुछ सेकंड के लिए रुकती है। इसके बाद चालक कार मोड़कर मनोज की ओर ले जाता है और उनके ऊपर से निकालते हुए फरार हो जाता है। गंभीर रूप से घायल मनोज की उपचार के दौरान मौत हो गई। जांच में सफेद ऑडी कार की पहचान हुई, जो पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह के नाम पंजीकृत है।

देवराज ने शुरुआत में बताया था कि कार को चालक कपिल चला रहा था

शुरुआत में देवराज सिंह ने पुलिस को बताया था कि घटना के समय कार उनका चालक कपिल चला रहा था। कपिल से पूछताछ की तो उसने बताया कि पूर्व जिलाध्यक्ष ने उस पर दबाव बनाया। इसके चलते उसने कार चलाना स्वीकार किया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच में उनके भतीजे विक्रांत के कार चलाने की बात सामने आई।

पुलिस ने इसी आधार पर वैष्णो धाम जादौन बिल्डर्स, फ्लैट न0 203 जेल पुल के पास निवासी विक्रांत को गिरफ्तार किया। पुलिस अब मामले में साक्ष्यों को संकलित कर जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य न्यायालय में जल्द सुनवाई सुनिश्चित कराना है, ताकि मामले का निस्तारण शीघ्र हो सके।

भतीजे को बचाने के लिए भरोसेमंद चालक को फंसाने का प्रयास

मनोज की मौत के मामले में आरोपित विक्रांत को बचाने के लिए पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह ने अपने भरोसेमंद चालक कपिल को आगे करने का प्रयास किया। शुरुआत में पुलिस को बताया गया कि हादसे के समय आडी कार कपिल चला रहा था। पुलिस की पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच में कहानी बदल गई। कपिल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उस पर कार चलाने की बात कहने का दबाव बनाया गया था। उसने यह भी कहा कि देवराज सिंह के परिवार के उस पर कई एहसान हैं, जिसके चलते उसे ऐसा करने के लिए कहा गया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। फुटेज में कार चलाते हुए विक्रांत की भूमिका सामने आई। पुलिस के लिए सीसीटीवी फुटेज अहम साक्ष्य साबित हुआ। इस घटनाक्रम ने सामान्य सड़क हादसे की आशंका को गंभीर सवालों में बदल दिया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर हत्या और हत्या का प्रयास में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की।

जरा से विवाद में ले ली मनोज की जान

ऊदला मोड़ पर कार के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ मामूली विवाद मनोज की मौत की वजह बन गया। मनोज के चचेरे भाई कल्याण सिंह के मुताबिक, कार सवारों ने मनोज और उसके साथ बाइक पर बैठे कन्हैया के साथ गाली-गलौच की थी। इसके बाद दोनों बाइक से अलीगढ़ की ओर चल दिए। कार सवारों ने उनका पीछा किया और पीछे से बाइक में टक्कर मार दी ।

सड़क पर गिरने के बाद मनोज के ऊपर चढ़ा दी थी कार

घायल कन्हैया ने बताया कि टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया, जबकि मनोज सड़क किनारे जा गिरा था। इसके बाद कार चालक ने गाड़ी मोड़कर मनोज के ऊपर चढ़ा दी। कन्हैया के मुताबिक, विवाद के दौरान मनोज की कार सवारों से ज्यादा बहस हुई थी। इसी रंजिश में उसे जानबूझकर कुचल दिया। सीसीटीवी फुटेज में भी टक्कर के बाद कार द्वारा दोबारा मनोज को कुचते दिख रहा है।

मनोज के शरीर में 11 जगह टूटीं हड्डियां, अंदरूनी अंग भी फटे

ऑडी कार से कुचलकर जान गंवाने वाले मनोज के शरीर पर चोटों की गंभीरता पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, मनोज के शरीर में 11 जगह हड्डियां टूटी थीं। सिर के अलावा दोनों हाथ-पैर और नाक की हड्डी में फ्रैक्चर मिले। पसलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त थीं, जबकि शरीर के अंदरूनी अंग भी फट गए थे। चोटों की गंभीरता इतनी अधिक थी कि मनोज की जान नहीं बच सकी।

डिजिटल साक्ष्यों के सहारे आरोपित को सजा दिलाने की तैयारी

मनोज की हत्या के आरोपित विक्रांत की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का फोकस अब जल्द से जल्द न्यायालय में आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल करने पर है, ताकि मामले की सुनवाई शुरू हो सके। पुलिस के पास घटना से जुड़े डिजिटल साक्ष्य हैं। इनमें सीसीटीवी फुटेज अहम माने जा रहे हैं। इसके अलावा पूछताछ में आरोपित ने कार चलाने की बात स्वीकार की है। पुलिस के पास उसके इस बयान से संबंधित वीडियो भी है।

पुलिस ने आरोपित को भेज जेल, हत्या की नीयत से गाड़ी चढ़ाने से इनकार

विवेचना में इन साक्ष्यों को शामिल कर पुलिस न्यायालय में अपना पक्ष मजबूत करने की तैयारी कर रही है। जिस कार ने युवक की जान ली वह पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह के नाम पंजीकृत है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, आरोपित से पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को विवेचना का हिस्सा बनाकर आरोपपत्र तैयार करेगी। इसके बाद न्यायालय में सुनवाई के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आरोपों को साबित करने की कोशिश की जाएगी।

यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में हॉर्न बजाने के विवाद में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के भतीजे ने हलवाई पर चढ़ाई कार, मौत; हत्या की FIR दर्ज

युवक को कार से कुचलने के आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसने स्वीकार किया है कि कार वो ही चला रहा था। पुलिस अब अतिशीघ्र कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल करेगी, ताकि आरोपित को सजा मिल सके। पुलिस के पास इस मामले वीडियो फुटेज सहित कई पुख्ता साक्ष्य हैं।

-

नीरज कुमार जादौन, एसएसपी