शहीद की बेटी की शादी में भाई बने CRPF जवान, सारी रस्में निभाईं; 4 घंटे तक समारोह में रुके कमांडेंट
अलीगढ़ में शहीद ओमप्रकाश की बेटी विनीता की शादी में सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान परिवार के सदस्यों की तरह शामिल हुए।

भाई का फर्ज निभाते CRPF के जवान। सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
शहीद ओमप्रकाश की बेटी की शादी में CRPF जवान बने भाई।
जवानों ने परिवार के सदस्य बनकर शादी की रस्में निभाईं।
दुल्हन को चादर पर उठाकर स्टेज तक पहुंचाया जवानों ने।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। देश की रक्षा करते हुए बलिदान हुए जवान का परिवार अकेला नहीं है। यह भरोसा सारसौल में हुई एक शादी में सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने फिर कायम किया।
बलिदानी ओमप्रकाश की बेटी विनीता की शादी में सीआरपीएफ के जवान मेहमान बनकर नहीं, बल्कि घर के सदस्यों की तरह शामिल हुए। किसी ने पिता की कमी महसूस नहीं होने दी तो किसी ने भाई बनकर शादी की रस्में निभाईं। दुल्हन को चादर पर उठाकर स्टेज तक पहुंचाने की रस्म भी जवानों ने पूरी की।
सारसौल निवासी ओमप्रकाश सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन में तैनात थे।
10 नवंबर 2010 को जम्मू-कश्मीर के बारामूला में ड्यूटी के दौरान वह बलिदान हो गए थे। परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। दूसरे नंबर की बेटी विनीता की शादी 24 नवंबर को लोटस गार्डन गेस्ट हाउस में हुई। इस मौके पर सीआरपीएफ की 104वीं बटालियन के कमांडेंट अमित कुमार, सहायक सेनानायक नवीन कुमार भारती समेत अधिकारी और जवान पहुंचे। जवानों ने शादी की रस्मों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दुल्हन को चादर पर उठाकर स्टेज तक ले जाने की रस्म को उन्होंने भाई की तरह निभाया। बरात आने के बाद रात नौ बजे जयमाला होनी थी, लेकिन अधिकारियों के कार्यक्रम में शामिल होने के कारण रस्म रात 11 बजे के बाद हुई।
कमांडेंट और उनकी टीम करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक समारोह में मौजूद रही। वर-कन्या को उपहार देकर नए जीवन की शुभकामनाएं भी दीं। स्टेज का कार्यक्रम पूरा होने के बाद ही वे वहां से रवाना हुए।
यह भी पढ़ें- पूर्व सीआरपीएफ जवान ने लिव-इन संबंध से इनकार पर महिला व बच्चों पर खुखरी से किया हमला, गिरफ्तार