अलीगढ़: कक्षा 7 की छात्रा परी बनीं एक दिन की प्रधानाध्यापक, आत्मविश्वास से संभाली स्कूल की कमान
अलीगढ़ के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में मिशन शक्ति के तहत कक्षा सात की छात्रा परी को एक दिन का ...और पढ़ें

पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय, एलमपुर में एक दिन की प्रधानाध्यापक बनने के बाद अन्य छात्राओं से वार्ता करतीं कुमारी परी। सौ. विभाग
HighLights
कक्षा सात की छात्रा परी बनीं एक दिन की प्रधानाध्यापक।
मिशन शक्ति के तहत अलीगढ़ के विद्यालय में मिली जिम्मेदारी।
परी ने विद्यालय व्यवस्थाओं का जायजा लिया, दिए महत्वपूर्ण निर्देश।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बेटियां अवसर मिलने पर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता से नई मिसाल कायम कर सकती हैं। इसका प्रेरक उदाहरण मंगलवार को पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, एलमपुर में देखने को मिला। यहां मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा सात की छात्रा कुमारी परी को एक दिन का प्रधानाध्यापक बनाया गया। प्रधानाध्यापक की कुर्सी पर बैठकर परी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उनके आत्मविश्वास और सक्रियता की शिक्षकों एवं अन्य लोगों ने सराहना की।
एक दिन के लिए विद्यालय की जिम्मेदारी मिलने पर परी काफी उत्साहित नजर आईं। गुणवत्तापरक पठन-पाठन, पर्यावरण संरक्षण से लेकर मिड डे मील वितरण तक की और बेहतर व्यवस्था के लिए निर्देश दिए।
शिक्षकों ने भी आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को सराहा
छात्राओं से कक्ष में वार्ता कर सुझाव लिए। प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।
बीएसए आलोक सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति के माध्यम से स्कूलों में बालिकाओं को यह संदेश दिया जा रहा है कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्हें शिक्षा के साथ निर्णय लेने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि ने छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी। वहीं, परी के लिए यह अनुभव न केवल यादगार रहा, बल्कि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायी बना।
