Greater Aligarh: प्रोजेक्ट के लिए करना पड़ सकता है और इंतजार, रेरा की अनुमति में फंसा पेच
ग्रेटर अलीगढ़ परियोजना की लॉन्चिंग में रेरा पंजीकरण के कारण देरी हो रही है, जिससे लोगों को और इंतजार करना ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। तीन वर्ष से ग्रेटर अलीगढ़ का इंतजार कर रहे लोगों को अभी और प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। दीपावली से पहले योजना की लांचिंग का दावा करने वाले अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) के सामने रेरा में पंजीकरण की बाधा खड़ी हो गई है। दीपावली में 25 दिन शेष हैं, लेकिन अब तक योजना की पंजीकरण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। तय समय पर योजना की लांचिंग को लेकर संशय गहराने लगा है।
एडीए की ओर से रेरा में पंजीकरण के लिए कई बार संशोधित प्रस्ताव भेजा जा चुका है। हर बार किसी न किसी बिंदु पर आपत्ति लगने से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही। एडीए स्तर से इन आपत्तियों को दूर कर प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की कवायद की जा रही है। पंजीकरण पूरा होने की समय सीमा स्पष्ट नहीं है। योजना के पहले चरण में सेक्टर दो व तीन के करीब 165 एकड़ क्षेत्र में 890 आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की तैयारी है।
इनका आकार 72 से 450 वर्गमीटर तक प्रस्तावित है। भूखंडों का आवंटन पहले चरण में लाटरी के माध्यम से होना है। फिर आगे चलकर नीलामी का विकल्प अपनाया जाएगा। एडीए ने आवासीय भूखंडों की कीमत 23 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर प्रस्तावित की है। रेरा में पंजीकरण पूरा होने के बाद ही आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। योजना की लांचिंग का समय पंजीकरण की बाधाएं दूर होने पर निर्भर है।
एडीए उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा ने बताया कि रेरा के निर्देशानुसार संशोधित प्रस्ताव भेज दिया गया है। जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। कोशिश है कि जल्द योजना की लांचिंग हो।
323 हेक्टेयर में विकसित होगी योजना
खैर रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर के सामने करीब 323 हेक्टेयर क्षेत्रफल में ग्रेटर अलीगढ़ योजना प्रस्तावित है। इसके लिए रुस्तमपुर अखन, अहमदाबाद, जतनपुर चिकावटी, अटलपुर, मूसेपुर, जिरौली डोर और ल्हौसरा विसावन क्षेत्र में भूमि चिह्नित की गई है। शासन स्तर से भूउपयोग परिवर्तन और एडीए बोर्ड से लेआउट को मंजूरी मिलने के बाद योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी थी।
