अलीगढ़: छर्रा मंडी आढ़ती से साढ़े चार लाख की लूट, घात लगाए बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
अलीगढ़ के छर्रा-अलीगढ़ मार्ग पर टिकटा गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने छर्रा मंडी के आढ़ती और उनके भतीजे ...और पढ़ें

HighLights
छर्रा मंडी आढ़ती से साढ़े चार लाख की लूट।
बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर की वारदात।
अलीगढ़ के टिकटा गांव के पास हुई घटना।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। छर्रा मंडी आढ़ती से बाइक से भतीजे के साथ वापस गांव जा रहे आढ़ती से रास्ते में घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाश तमंचे की नोंक पर मारपीट कर साढ़े चार लाख रूपये लूटकर फरार हो गये। वहीं बदमाश आढती की बाइक भी लूटकर ले गये थे। बाइक घटना स्थल से करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे छोड़ गये।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को दबोचने के लिए घेराबंदी की। मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है। घायल आढ़ती व भतीजे को पुलिस ने उपचार के लिए छर्रा सीएचसी भेजा। वहीं सीओ बरला ने घटना स्थल पर पहुंचकर लूट की घटना के बारे में जानकारी की है।
यह है पूरी घटना
बरला के गांव फुसावली निवासी दिनेश पुत्र राजपाल की छर्रा मंडी में अनाज आढ़त की दुकान है। रविवार को मंडी बंद रहती है। इस दिन किसान की फसल की खरीद फरोख्त नहीं की जाती है। कुछ व्यापारी लोग आढत पर जाकर अनाज की सफाई व रूके हुए कार्य को करने के लिए पहुंच जाते हैं।
रविवार को दिनेश अपने भतीजे पंकज को साथ लेकर मंडी गये थे। बताया कि शनिवार को बड़े आढ़तियों से किसान को धान की बिक्री के रूपये देने के लिए पेमेंट नहीं मिल सका था। रविवार को बड़े व्यापारी से पेमेंट लेने के बाद अपनी आढ़त पर शाम तक वहां धानों की बरसाकर साफ सफाई कराई। शाम साढ़े पांच बजे के करीब भतीजे व पल्लेदार सुभाष को बाइक पर बिठाकर गांव के लिए चल दिए।
पल्लेदार को घर भेजने के लिए गांव टिकटा के समीप उतार दिया। छर्रा नानऊ मार्ग पर गांव टिकटा के समीप ही गांव फुसावली जाने के लिए एक कच्चे रास्ते से होकर जा रहे थे। तभी ईंट भट्ठे के निकट पहले से ही घात लगाकर बैठे बाइक सवार दो बदमाशों ने रूकने का इशारा किया। वह कुछ समझ पाते एक बदमाश ने पीछा कर बाइक गिरा ली।
तमंचा दिखाकर दोनों बदमाश बैग में रखे साढ़े चार लाख रूपये व बाइक लूटकर फरार हो गये। पीडित ने पुलिस कंट्रोल रूम को लूट की जानकारी दी। आनन फानन में पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और घटना के बारे में पीडित से जानकारी की। घटना स्थल से पांघ सौ मीटर की दूरी पर बाइक सड़क किनारे मिल गई। लूट करने के बाद बदमाश भी कच्चे रास्ते से होकर फरार हो गये।
जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर सरिता सिंह व सीओ बरला भी पहुंच गये। सीओ संजय त्यागी ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी की जा रही है। अभियोग पंजीकृत किया जायेगा। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे। वहीं इंस्पेक्टर सरिता सिंह ने छर्रा नानऊ मार्ग पर लगे सभी सीसीटीवी खंखाले हैं।
