विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व सीएम कल्याण सिंह के परिवार में बजेगी शहनाई, सगाई के लिए अलीगढ़ में बनाया जा रहा सौ बीघे का पंडाल

Published: Sat, 24 Oct 2026 09:30 PM (IST)

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र और शिक्षा मंत्री संदीप सिंह व उनके भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी मैदान में होगी।

तालानगरी स्थित मैदान में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह व उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई को लेकर शुरू हुईं तैयारियां। जागरण

तालानगरी स्थित मैदान में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह व उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई को लेकर शुरू हुईं तैयारियां। जागरण

HighLights

  1. संदीप सिंह और सौरभ सिंह वर्मा की सगाई 14 नवंबर को।

  2. अलीगढ़ के तालानगरी मैदान में होगा भव्य समारोह।

  3. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज होंगे शामिल।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के परिवार में अगले माह बजने वाली शहनाई की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह व उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई का समारोह 14 नवंबर को तालानगरी मैदान में होगा। इसके लिए करीब 100 बीघा क्षेत्रफल के मैदान को सजाया जा रहा है।

समारोह में 70 से 80 हजार लोगों के शामिल होने की तैयारी है। इतने बड़े आयोजन के लिए जर्मन हैंगर टेंट लगाने का काम शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत केंद्र व प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों व राजनीतिक दिग्गजों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। दीपावली के बाद होने वाले इस समारोह में अब महज 20 दिन शेष हैं।

बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की संभावना

पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह दूसरी बार अतरौली से विधायक बने। उनके पिता राजवीर सिंह राजू भैया एटा के पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री हैं। संदीप के छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। दोनों भाइयों की सगाई एक ही दिन होने के चलते समारोह को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। पारिवारिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।

दिल्ली के होटल ताज में 26 व 27 नवंबर को विवाह समारोह

सगाई के बाद दोनों भाइयों का विवाह समारोह दिल्ली में प्रस्तावित है। बताते हैं कि 26 और 27 नवंबर को दिल्ली के होटल ताज में वैवाहिक कार्यक्रम होंगे। संदीप सिंह का विवाह अलीगढ़ के एक कारोबारी परिवार में तय हुआ है। उनकी होने वाली जीवनसंगिनी वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में रहती हैं।

सौरभ का रिश्ता मुजफ्फरनगर से तय हुआ है। दिल्ली में प्रस्तावित समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किए जाने की चर्चा है।

यह भी पढ़ें- PDA की काट के लिए BJP का नया दांव, बाबा साहेब-अहिल्याबाई और कल्याण सिंह के बहाने सपा को घेरेगी

यह भी पढ़ें- पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम से जाना जाएगा अलीगढ़ का ये चौराहा, प्रतिमा अनावरण में जुटेंगे 10 हजार लोग