PDA की काट के लिए BJP का नया दांव, बाबा साहेब-अहिल्याबाई और कल्याण सिंह के बहाने सपा को घेरेगी
भाजपा ने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के चक्रव्यूह को भेदने के लिए डॉ. आंबेडकर, अहिल्याबाई होल्कर और कल्याण सिंह के बहाने घेरने की रणनीति बनाई है।

PDA की काट के लिए BJP का नया दांव।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संतोष शुक्ल, लखनऊ। उत्तर प्रदेश सोशल इंजीनियरिंग की नई प्रयोगशाला बन रहा है। पीडीए का चक्रव्यूह भेदने के लिए भाजपा ने पिछड़े एवं अनुसूचित समाज के महापुरुषों एवं श्रद्धेय नारियों के बहाने सपा को घेरने की रणनीति बनाया है।
पार्टी चार सितंबर को सभी 403 विधान सभा क्षेत्रों में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष सपा के पीडीए की पोल खोलने का संकल्प लेगी। बाबा साहब पर सपा सरकार के पूर्व मंत्री आजम खान के बयान की क्लिप चलाएगी।
ओरैया में राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बने महाविद्यालय का नाम बदलने का मुद्दा गरमाया जाएगा। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि से दूरी बनाने वाली सपा को पिछड़ा विरोधी घोषित करने का प्रयास होगा। दो माह में तीन बड़े कार्यक्रमों के जरिए भाजपा ने सपा के पीडीए की धार कुंद करने की रणनीति बनाया है।
सालभर चुनावी मोड में रहने वाली भाजपा जानती है कि नए नैरेटिव जीत-हार में बड़ी भूमिका निभाते हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने भाजपा के खिलाफ संविधान बदलने का नैरेटिव गढ़कर बड़ा नुकसान पहुंचाया।
ओबीसी एवं दलित वोटों की बड़ी संख्या पीडीए के तंबू के नीचे खड़ी हो गई। 2027 विधान सभा चुनाव में कोई चूक न रह जाए, इसके लिए भाजपा ने न सिर्फ योगी मंत्रिमंडल में पिछड़ों एवं दलितों को वरीयता दी, बल्कि प्रदेश एवं क्षेत्रीय संगठन में भी उन्हें ज्यादा हिस्सेदारी दी।
चुनाव तक सपा की हर तरफ से घेरेबंदी की रणनीति बनाई गई है। भाजपा यह नैरेटिव गढ़ने में जुटी है कि सपा ने बाबा साहब, अहिल्याबाई होल्कर से लेकर कल्याण सिंह तक का अपमान किया।
पार्टी यह मुद्दा बना रही है कि सपा सरकार ने चार सितंबर 2012 को कन्नौज के तिरवा में बने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर मेडिकल कालेज का नाम बदल दिया था।
इसके प्रतिरोध में भाजपा का अनुसूचित एवं ओबीसी मोर्चा चार सितंबर को ही हर विधान सभा में बाबा साहब की प्रतिमा के सामने सपा की पोल खोलने का संकल्प लेगा। इस दौरान हुए उपद्रव एवं पूर्व मंत्री आजम खां के बाबा साहब पर दिए भाषण की क्लिप भी दिखाई जाएगी।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पिछड़े समाज से आने वाली राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि पर 13 अगस्त को ओबीसी मोर्चा हर जिले में सपा के खिलाफ प्रदर्शन कर पूछेगा कि ‘सपा सरकार ने 2013 में औरैया के विधूना में खुले अहिल्याबाई होल्कर राजकीय महाविद्यालय का नाम क्यों बदला था, क्या ये सपा की पिछड़ा विरोधी मानसिकता नहीं है।’
इसी प्रकार 21 अगस्त को भाजपाई हर जिले में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि मनाते हुए सपा से प्रश्न पूछेंगे कि उनकी पार्टी ने ओबीसी समुदाय (लोध) से संबंध रखने वाले हिंदू हृदय सम्राट की अंत्येष्टि एवं पुण्यतिथि के कार्यक्रम से क्यों दूरी बनाई।
