Aligarh News : लंबित मांगों को लेकर आज हड़ताल पर रहेंगे बैंककर्मी, अफसर नहीं होंगे शामिल
Aligarh News अपनी लंबित मांगों को लेकर बैंककर्मी आज सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे। बैंककर्मी हड़ताल को सफल बनाने के लिए रामघाट रोड तलासपुर स्थित पीएनबी के मंडल कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। हालांकि अफसरों ने अपना समर्थन नहीं दिया है।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। Aligarh News : यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को शाम साढे़ पांच बजे जीटी रोड मसूदाबाद स्थित बैंक आफ बड़ोदा की मुख्य शाखा पर सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, साथ ही शनिवार को बैंकों की हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दिन बैंक कर्मचारी रामघाट रोड तलासपुर, (मदन पैलेस के सामने) स्थित पीएनबी के मंडल कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। अगर कर्मचारियों ने बैंकों में काम करने का प्रयास किया तो कर्मचारियों के काउंटरों को बंद कराया जाएगा। इसके लिए उड़न दस्ता तैयार किए गए हैं।
लंबित मांगों को लेकर बैंककर्मी आंदोलित
फोरम के जिला मंत्री जितेंद्र कुमार ने बताया है कि लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी आंदोलित हैं। यूनियंस के आह्वान पर तीन नवंबर को सूतमिल स्थित केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन कर चुके हैं। कर्मचारियों के वरिष्ठ नेता वीके शर्मा बताया है कि हाल ही के दिनों में बैंकों में उनके प्रबंधन द्वारा द्विपक्षीय समझौतों का उल्लंघन करते हुए सेवाशर्तों को तोडा मरोड़ा गया है और एकतरफा निर्णय लेते हुए कर्मचारियों के नियम-विरुद्ध बड़े पैमाने पर स्थांतरण किये गए हैं।
देशव्यापी होगा आंदोलन
विरोध करने पर यूनियन के नेताओं के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की गयी है, कईयों का निलंबन किया गया है। कुछ बैंकों में तो यूनियन के नेताओं को बर्खास्त भी कर दिया गया है। बढ़ते हुए बैंक कर्मचारियों का उत्पीडन तथा यूनियनों पर हमलों को देखते हुए आल इंडिया बैंक एंप्लाइज एसोसिएशन ने देशव्यापी आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
कल होगी साधारण सभा
संयुक्त महामंत्री प्रदीप चौहान ने बताया कि 20 नवंबर को विद्या नगर स्थित कैफे कामिक्स रेस्टोरेंट में सुबह 11:30 बजे से साधारण सभा होगी। इसे उत्तर प्रदेश बैंक एंप्लाइज यूनियन की साधारण सभा होगी। इसे आल इंडिया बैंक एंप्लाइज यूनियंस के उपाध्यक्ष व प्रदेश महामंत्री एमएम राय संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश बैंक एंप्लाइज यूनियन यूपीबीसीयू के जिलाध्यक्ष सुनील मेहरोत्रा, महामंत्री जितेंद्र कुमार, जगमोहन शर्मा, डीसी बंसल, शर्मिला कुलश्रेष्ठ, अंतराअरोरा, मोहित उपाध्याय, अनिल शर्मा, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
बैंक अफसरों का हड़ताल से बहिष्कार
बैंक अफसरों ने हड़ताल का बहिष्कार किया है। आल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक आफीसर्स एसोसिशन के मंडल सचिव प्रदीप सचान बताया कि उनके केंद्रीय नेतृत्व ने इस हड़ताल में शामिल न होने का निर्णय लिया है। केनरा बैंक आफीसर्स एसोसिएशन के क्षेत्रिय सचिव अतुल सिंह ने कहा कि किसी भी बैंक के अफसर इस हड़ताल में शामिल नहीं होंगे। उनके केंद्रीय नेतृत्व ने हड़ताल में शामिल होने के किसी भी प्रकार का आह्वान नहीं किया है।