विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी से मना करने पर होटल में बुलाई युवती: गला दबाकर मारने की कोशिश, अलीगढ़ में 3 दिन वेंटिलेटर पर रही लड़की

Published: Mon, 21 Sep 2026 11:09 AM (IST)

Aligarh News: अलीगढ़ में शादी से इनकार करने पर एक युवती को होटल में बुलाकर गला घोंटकर हत्या का प्रयास ...और पढ़ें

तस्वीर आई द्वारा ली गई है।

तस्वीर आई द्वारा ली गई है।

HighLights

  1. युवती को होटल में बुलाकर शादी से इनकार पर हमला किया गया।

  2. गला घोंटने के बाद युवती तीन दिन वेंटिलेटर पर रही।

  3. पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। Aligarh News: शादी से इनकार करने पर एक युवती को होटल में बुलाकर गला घोंटकर हत्या की कोशिश की गई। गंभीर हालत में युवती को जीवन ज्योति अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां वह तीन दिन वेंटिलेटर पर रही। पीड़िता की मां की तहरीर पर बन्नादेवी थाने में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोधा क्षेत्र के ताजपुर रसूलपुर निवासी महिला के अनुसार गांव का ही सुमित काफी समय से उनकी बेटी को रास्ते में आते-जाते परेशान करता था। फोन पर भी बात करने का प्रयास करता था। युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया तो वह अलग-अलग नंबरों से फोन करने लगा।

आरोप है कि सुमित युवती की फोटो उसके स्वजन को दिखाने की धमकी भी देता था। आरोप है कि 30 अगस्त को सुमित ने फोन कर युवती को अलीगढ़ स्थित हेवेन होटल बुलाया। उसने युवती से अपनी होने वाली पत्नी से मिलवाने की बात कही थी। होटल पहुंचने पर उसने युवती पर शादी करने के लिए दबाव बनाया। 

युवती को होटल बुलाकर जबरन शादी का दबाव बनाने का आरोप

युवती ने बताया कि उसकी शादी तय हो चुकी है और उसने शादी करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद सुमित ने अपने दो साथियों को वहां बुला लिया। तीनों ने मिलकर युवती के गले में फंदा डाल दिया। इससे वह बेहोश हो गई और हालत गंभीर हो गई। मां के मुताबिक घटना की जानकारी होने पर 112 पर सूचना दी गई। युवती को जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिन तक आईसीयू में वेंटिलेटर पर उसका उपचार चला।

यह भी पढ़ें- सपा का 2027 चुनाव के लिए बड़ा प्लान: हर विधानसभा में बढ़ाएंगे 27 हजार वोट, PDA रथ से रायबरेली जाएंंगे अखिलेश

थानों के चक्कर लगाने का भी आरोप

पीड़िता की मां का आरोप है कि वह पहले बन्नादेवी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचीं, लेकिन घटनास्थल लोधा क्षेत्र का बताकर उन्हें वहां भेज दिया गया। लोधा थाने में भी घटनास्थल बन्नादेवी क्षेत्र का बताकर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। बाद में एसएसपी के आदेश पर बन्नादेवी थाने में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मथुरा-वृंदावन प्राधिकरण की बड़ी सौगात: 117 हेक्टेयर में बनेगी छाता टाउनशिप, 93 नए गांव होंगे शामिल