सपा का 2027 चुनाव के लिए बड़ा प्लान: हर विधानसभा में बढ़ाएंगे 27 हजार वोट, PDA रथ से रायबरेली जाएंंगे अखिलेश
सपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत प्रत्येक सीट पर 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य रखा है, ...और पढ़ें

अखिलेश यादव।
HighLights
सपा का लक्ष्य: हर विधानसभा में 27 हजार वोट बढ़ाना।
अखिलेश यादव ने फर्जी मुठभेड़ों की जांच का वादा किया।
24 सितंबर को अखिलेश पीडीए रथ से रायबरेली जाएंगे।
राज्य ब्यूरो, जागरणl लखनऊ। विधान सभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने भाजपा के वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद कहा कि पार्टी हर उस परिवार तक पहुंचेगी, जिसके साथ अन्याय या अत्याचार हुआ है। इन परिवारों को जोड़कर सपा अपने वोट में बढ़ोतरी या यूं कहें कि भाजपा के इतने ही वोट कम किए जाएंगे।
सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी सरकार बनी तो रिमोट सेंसिंग तकनीक से जांच कराएंगे कि गाड़ी कैसे पलटी। रास्ते में आने के बीच कहां-कहां क्या बदला। फर्जी मुठभेड़ों की भी जांच कराकर आवश्यक कारवाई की जाएगी। इसके लिए जितना भी धन लगेगा, सरकार व्यवस्था करेगी। यह भी साफ किया कि आधुनिक तकनीक का सबसे ज्यादा प्रयोग खेतीबाड़ी, इलाज और पढ़ाई में किया जाएगा।
कहा, बाबा साहेब की 151 से ज्यादा मूर्तियां तोड़ी गईं
पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 72 जिलों में 151 से ज्यादा स्थानों पर डा.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़ी गईं, जिसमें बलिया में सर्वाधिक घटनाएं हुईं, लेकिन सिर्फ 14 मामलों में गिरफ्तारियां की गईं। भाजपा सरकार में एक्सप्रेसवे के नाम पर जेबें भरी गईं। पेपरलीक में यूपी सबसे आगे रहा।
एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि सरकार आने पर गोंडा प्रकरण में दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। दावा किया कि पीडीए समाज के अधिकारियों को चुनाव तक महत्वहीन कर दिया जाएगा।
फर्जी मुठभेड़ों की रिमोट सेंसिंग तकनीक से कराएंगे जांच
इंटरनेट मीडिया पर ओमप्रकाश राजभर की पोस्ट हाल में कम आने को लेकर कहा कि पासवर्ड छिन जाने से बार्गेनिंग हो रही होगी। एक प्रश्न पर कहा कि जिन बैंकों से व्यवस्था कर यह सरकार महिलाओं को एक लाख रुपये देगी, उसी बैंक से लेकर हम दो लाख रुपये देंगे।
राहुल गांधी के एक कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां पर टिप्पणी पर अखिलेश ने कहा कि यह भी देखें कि ‘एकरंगी वाले एक मां को कह रहे थे कि भाषण मत दो’। डीयू छात्रसंघ में सपा की ओर से खड़े छात्र की हार पर कहा कि वहां धांधली न होती तो हमारा उम्मीदवार ही जीतता।
यह भी पढ़ें- सपा-लोकदल मिलकर लड़ेंगे यूपी विधानसभा चुनाव 2027, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया 35 सीटों पर दावा
सपा प्रमुख 24 को पीडीए रथ से जाएंगे रायबरेली
अखिलेश यादव पीडीए रथ से 24 सितंबर को रायबरेली जाएंगे। वह शहर से 12 बजे चुरुआ पहुंचेंगे। दोपहर डेढ़ बजे विधायक राहुल लोधी के आवास जाएंगे। शाम पांच बजे तक रायबरेली में रहकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
यह भी पढ़ें- एटा: सपा कैसे जीतेगी विधानसभा चुनाव 2027 में सीटें? संगठन भंग कर अखिलेश ने दिया झटका, इतनी जल्दी नया बनाना चुनौती
