हिंदू होने के कारण कप्तानी से किया बाहर... AMU राइडिंग क्लब में छात्र का दावा, जलाए स्टेट और रीजनल गोल्ड के प्रमाणपत्र
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के राइडिंग क्लब में बीकॉम छात्र शशिकांत ने हिंदू होने के कारण कप्तानी से बाहर किए जाने का आरोप लगाया है। विरोध में उन्होंने अपने खेल प्रमाणपत्र जला दिए और छात्रों ने गेम्स कमेटी भवन पर ताला जड़ दिया, हालांकि कोच ने आरोपों को निराधार बताया है।
HighLights
AMU छात्र शशिकांत ने धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया
हिंदू होने के कारण कप्तानी से बाहर करने का दावा
विरोध में छात्र ने अपने खेल प्रमाणपत्र जलाए।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के राइडिंग क्लब की कप्तानी को लेकर धार्मिक भेदभाव का आरोप सामने आया है। बीकॉम तृतीय वर्ष के छात्र शशिकांत ने आरोप लगाया है कि हिंदू होने के चलते उन्हें कप्तानी के चयन से बाहर कर दिया गया।
खेल में स्टेट और रीजनल स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने और राष्ट्रीय स्तर की मेरिट सूची में जगह बनाने के बावजूद उनकी उपलब्धियों को नजरअंदाज किया गया। इससे आहत छात्र ने अपने खेल उपलब्धियों के प्रमाणपत्र जला दिए। शनिवार को नाराज छात्रों ने यूनिवर्सिटी गेम्स कमेटी के भवन पर ताला लगाकर विरोध जताया। इससे वहां कामकाज प्रभावित रहा।
छात्र ने जलाए स्टेट और रीजनल गोल्ड के प्रमाणपत्र, गेम्स कमेटी भवन पर जड़ा ताला
शशिकांत का कहना है कि राइडिंग क्लब की कप्तानी के लिए करीब एक महीने से प्रक्रिया चल रही थी। सात दावेदार थे, जिनमें से पांच ने लिखित आवेदन देकर मांग की थी कि चैंपियनशिप कराकर उसके आधार पर कप्तान का चुनाव किया जाए। इसके बावजूद उनकी मांग नहीं मानी गई।
आरोप है कि खेल उपलब्धियों और योग्यता के बजाय व्यक्तिगत पसंद और धार्मिक आधार पर चयन किया गया। शशिकांत ने कहा कि जब नाम और मजहब देखकर ही किसी की काबिलियत तय होनी है तो खेल में हासिल किए गए प्रमाणपत्रों और उपलब्धियों का क्या महत्व रह जाता है। छात्र ने इससे पहले भी भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया।
छात्र ने कहा, अपने खर्च पर दो बार क्वालीफाई किया था
छात्र ने बताया कि जनवरी 2026 में वाराणसी में हुई प्रतियोगिता के लिए उन्होंने अपने खर्च पर दो बार क्वालीफाई किया था। इसके बावजूद राइडिंग क्लब की ओर से उन्हें उपयुक्त घोड़ा उपलब्ध नहीं कराया गया। इस संबंध में कुलपति से शिकायत भी की थी। शशिकांत का कहना है कि बेहतर घोड़ा मिलता तो राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत सकते थे।
कोच बोले- धार्मिक भेदभाव के आरोप निराधार
वहीं, राइडिंग क्लब के कोच इमरान खान ने धार्मिक भेदभाव के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि क्लब में कप्तान का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत होता है। इस बार भी उसी प्रक्रिया का पालन करते हुए चयन किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।