सात समंदर पार से आए मेहमानों से गुलजार हुई अलीगढ़ की शेखाझील, साइबेरिया और नॉर्थ अमेरिका से पहुंचे दुर्लभ परिंदे
अलीगढ़ की शेखाझील में साइबेरिया और उत्तरी अमेरिका सहित विभिन्न देशों से प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है, जिससे झील गुलजार हो उठी है।

शेखाझील के पानी में कलरव करते विदेशी पक्षी
HighLights
शेखाझील में साइबेरिया, उत्तरी अमेरिका से प्रवासी पक्षी पहुंचे।
रामसर साइट में शामिल होने से झील को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान।
हजारों पक्षी प्रेमी इन दुर्लभ परिंदों को देखने आ रहे हैं।
गौरव दुबे, अलीगढ़। सुबह व रात की ठंड व दोपहर की गुनगनी धूप के बीच रंग-बिरंगे व छोटे-बड़े प्रवासी परिंदों से शेखाझील गुलजार हो गई है। 22 अक्टूबर से यहां विदेशी पक्षियों का आना शुरू हो जाता है। नवंबर के मध्य तक नार्थ अमेरिका की शावलर व मध्य एशिया की ब्राह्मणी डक का कलरव भी बढ़ गया है। इसके यहां पर्यटन को भी बढ़ाया है।
पिछले एक महीने में ही यहां सात हजार से अधिक पक्षी प्रेमी आ चुके हैं। यह संख्या 24 से 25 हजार के बीच जाती है। यहां मध्य एशिया से आने वाली ब्राह्मणी डक और नार्थ अमेरिका से उड़ान भरने वाली शावलर चिड़िया भी आ चुकी हैं। इनकी सुंदरता पक्षी प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इनका हल्का नारंगी रंग और पूंछ का काला रंग जब पानी में होता है तो सूर्य की किरणों के बीच इनकी आकर्षक उपस्थिति मन मोह लेती है।

इनके अलावा सबसे छोटी चिड़िया कामनटील दिसंबर में आएगी। कॉमन पोचार्ड, काम्ब डक, गार्गिन आदि पक्षी भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। शेखाझील में दिसंबर 2026 तक लगभग 16 हजार प्रवासी पक्षियों का बसेरा हो जाता है। जनवरी-2027 तक ये संख्या बढ़कर 22 से 23 हजार तक हो जाती है।
साइबेरिया से आने वाली गार्गिन चिड़िया हो या साइबेरिया से आने वाली ग्रेलेग गूस (राजहंस) का जोड़ा हो, पक्षी प्रेमी इन पक्षियों के कलरव व झुंड में इनके विचरण का आनंद उठा रहे हैं। यहां पूरे ठंड के सीजन में 200 से अधिक प्रजातियों के पक्षी प्रवास करने आते हैं।
सुबह पांच बजे पक्षियों का कलरव व उनकी मौजूदगी का दृश्य अपने आप में अनूठा होता है। इसको देखने के लिए पूर्व में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, कनाडा, दिल्ली, उत्तराखंड, मेरठ, बुलंदशहर, वाराणसी तक से पक्षी प्रेमी आ चुके हैं। ये पक्षी यूरोप, नार्थ यूरोप, नार्थ अमेरिका, दक्षिण एशिया, केंद्रीय एशिया, साइबेरिया व मंगोलिया आदि देशों से आते हैं।
साइबेरिया व अन्य देशों में ठंड बढ़ते ही वहां के परिंदे भारत के पक्षी विहारों व अन्य स्थानों पर प्रवेश के लिए पहुंचने शुरू हो जाते हैं। अलीगढ़ मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर दूर पनैठी-जलाली मार्ग पर स्थित शेखाझील व अन्य स्थल प्रवासी परिंदों को आकर्षित करते रहे हैं। मित्र पक्षियों से मिलने के लिए देशी पक्षी भी पहुंच जाते हैं।
दोस्तों के इंतजार में देशी पक्षी
शेखाझील पर स्पाट विल, डार्टर, स्नेग बर्ड, कार्बोनेट, इंडियन सेक समेत कई देशी पक्षियों का कलरव तेज हो गया है। चार से छह जोड़े इंडियन क्रेन (सारस) के भी हैं। ये सभी अपने प्रवासी दोस्तों का इंतजार कर रहे हैं। जिनके दिसंबर के मध्य तक आने की संभावना है। दिसंबर के अंत तक पिनटेल, रेड क्रेस्टेड पोचर्ड पक्षियों की अन्य प्रजातियां भी आ जाएंगी।
1852 में आई अस्तित्व में
अलीगढ़ मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर दूर पनैठी-जलाली मार्ग पर स्थित शेखाझील 1852 में अस्तित्व में आई, जब यहां अपर गंग नहर का निर्माण हुआ। 1977 में पक्षी विज्ञानी डॉ. सालिम अली अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में आए तो इस झील की पहचान कराई। यहां ज्यादातर पानी बरसात में मिलता है।
इसके साथ ही गंग नहर से भी कई वर्षों से पानी आ रहा है। शेखाझील को नौ वर्ष पूर्व पक्षी विहार घोषित किया गया था। फिर, इस वर्ष रामसर साइट में शामिल होने से इसको अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। शेखाझील 60 हेक्टेयर जगह पर विशाल जलमग्न क्षेत्र है।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट में अलीगढ़ की अवंतिका की दमदार पैरवी, फ्लैट खरीदारों को मिली बड़ी राहत
पर्यटकों का आगमन व आमदनी
| वर्ष | भारतीय | विदेशी | कुल | आमदनी (रुपये) |
| 2021-22 | 6,370 | 00 | 6,370 | 1,91,100 |
| 2022-23 | 11,904 | 00 | 11,904 | 3,57,120 |
| 2023-24 | 21,737 | 13 | 21,750 | 6,56,680 |
| 2024-25 | 24,482 | 05 | 24,487 | 7,36,210 |
| 2025-26 | 23,888 | 00 | 23,888 | 7,16,640 |
| कुल योग | 88,381 | 18 | 88,399 | 26,57,750 |
वर्षवार पक्षियों का आगमन
| वर्ष | प्रवासी पक्षी | स्थानीय पक्षी | कुल |
| 2021-22 | 2,056 | 11,807 | 13,863 |
| 2022-23 | 1,934 | 12,635 | 14,569 |
| 2023-24 | 2,228 | 13,783 | 16,011 |
| 2024-25 | 2,190 | 12,410 | 14,605 |
| 2025-26 | 4,550 | 15,774 | 20,324 |
शेखाझील में प्रवासी परिंदों व पर्यटकों की संख्या हर दिन बढ़ रही है। ठंड बढ़ने के साथ विदेशी पक्षी यहां का रुख तेजी से कर रहे हैं। इस वर्ष शेखाझील के पानी व सूखे स्थान की विशेष सफाई व सुंदरीकरण कराया गया है।- गौरव कुमार सिंह, वन क्षेत्राधिकारी, अलीगढ़
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।