'पति शराबी है, घर का खर्च नहीं उठाता', अलीगढ़ में 20 दिन की बच्ची को बेचने अस्पताल पहुंची मां
अलीगढ़ में एक महिला अपने शराबी पति और गरीबी से परेशान होकर 20 दिन की नवजात बच्ची को अस्पताल में बेचने पहुंची।
-1795149927089_m.webp)
इस तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए AI टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
महिला 20 दिन की बच्ची को बेचने अस्पताल पहुंची।
पति शराबी और घर का खर्च नहीं उठाता।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। 'डॉक्टर साहब, मेरी बच्ची को कोई ले लो... पति शराब पीता है, घर का खर्च नहीं उठाता। मैं इसे नहीं पाल सकती।' 20 दिन की दूधमुंही बच्ची को गोद में लेकर अस्पताल पहुंची महिला के इन शब्दों ने चिकित्सक समेत सभी को हैरान कर दिया।
महिला बच्ची को बेचने की बात कह रही थी। मामला गंभीर लगा तो चिकित्सक ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस महिला और उसके साथ आई दूसरी महिला को थाने ले आई।
घटना गुरुवार शाम जवां कस्बे के निजी नर्सिंग होम की है। क्वार्सी क्षेत्र के जीवनगढ़ निवासी दो महिलाएं बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंची थीं। इनमें से एक महिला ने चिकित्सक को बताया कि उसका पति शराब पीता है और कोई काम नहीं करता। उसकी पहले से आठ और छह साल की दो बेटियां हैं।
घर की परेशानियों के चलते वह नवजात को बेचना चाहती है। साथ आई दूसरी महिला को उसने अपनी भाभी बताया। सीओ सर्वम सिंह के अनुसार, महिला अपने पति से परेशान थी। उसे किसी ने बताया था कि अस्पताल में बच्चा बिक जाता है। इसी जानकारी के चलते वह अस्पताल पहुंच गई।
उसके मुहल्ले के कुछ लोग भी थाने पहुंचे और उन्होंने बताया कि बच्ची उसी की है। पुलिस अभी पूरे मामले को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। बच्ची वास्तव में महिला की है या नहीं, वह उसे क्यों बेचना चाहती थी और दूसरी महिला की इसमें क्या भूमिका थी, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।