अलीगढ़ में 500 से अधिक सस्ते आवास बनाएगा एडीए, पहली बार होगा निर्माण; साढ़े सात हेक्टेयर जमीन चिह्नित
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण छेरत में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 500 से अधिक किफायती आवासों का निर्माण करेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
छेरत में 500 से अधिक किफायती आवासों का निर्माण।
ईडब्ल्यूएस, एलआईजी श्रेणी को सस्ते दरों पर घर।
साढ़े सात हेक्टेयर भूमि चिह्नित, निजी कंपनी से अनुबंध।
सुरजीत पुंढीर, अलीगढ़। शहर में अपना घर बनाने का सपना देख रहे आर्थिक रूप से कमजोर व निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 में अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) छेरत में 500 से अधिक आवास बनाएगा। सात हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है।
योजना में ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) व एलआईजी (निम्न आय वर्ग) श्रेणी के लोगों को सस्ती दरों पर आवास उपलब्ध कराने की तैयारी है। एडीए ने निर्माण के लिए दिल्ली की निजी कंपनी एनएस एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ अनुबंध की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। इससे पहले एडीए योजना के पहले चरण में 156 आवासों का निर्माण कर आवंटन कर चुका है।
शहर में किफायती आवासों की मांग को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन परिवारों को इससे उम्मीद है, जो महंगी जमीन व मकानों के चलते खरीद नहीं पा रहे हैं।
10 हजार आवासों के निर्माण की जरूरत
एडीए के अनुसार, आवासों का निर्माण शहर की जरूरतों को ध्यान में रखकर कराया जाएगा। कुछ दिन पहले एडीए ने सर्वे भी कराया था। इसमें 10 हजार आवासों के निर्माण की जरूरत सामने आई। इसी के तहत पहले चरण में आवासों का निर्माण कराया जाएगा।
पहले चरण में 500 से अधिक आवासों का लक्ष्य रखा गया है। इनकी अंतिम संख्या, कीमत व आवंटन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है। जल्द ही इस पर भी मुहर लग जाएगी। उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा ने बताया कि छेरत में आवास निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जल्द ही निर्माण पूरा हो जाएगा।
निर्माण व इंटीरियर डिजाइनिंग का अनुभव रखती है कंपनी
परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी एनएस एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड को दी जा रही है। कंपनी मुख्य रूप से निर्माण व इंटीरियर डिजाइनिंग के क्षेत्र में काम करती है। इसके कार्यक्षेत्र में व्यावसायिक व कार्पोरेट परिसरों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करना शामिल है। एडीए और कंपनी के बीच अनुबंध के बाद परियोजना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसमें आवास निर्माण के साथ ही एडीए को कमाई भी होगी।
